मिथुन चक्रवर्ती के नाम जुड़ने जा रहा एक और बड़ा सम्मान! बर्धमान यूनिवर्सिटी देगी डॉक्टरेट की उपाधि, जानें कब होगा समारोह

बॉलीवुड और बंगाली फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, अपनी शानदार एक्टिंग से लाखों लोगों का दिल जीतने वाले को अब बर्धमान यूनिवर्सिटी खास सम्मान देने जा रही है। यूनिवर्सिटी उन्हें 'डॉक्टर ऑफ लिटरेचर' (D.Litt.) की मानद उपाधि से सम्मानित करेगी। यह कार्यक्रम 9 दिसंबर को आयोजित होगा। मिथुन को यह सम्मान फिल्मों में उनके लंबे योगदान के लिए दिया जा रहा है। खास बात यह है कि इसी समारोह में दो जाने-माने वैज्ञानिकों को भी सम्मान मिलेगा।
9 दिसंबर को मिलेगा मिथुन चक्रवर्ती को खास सम्मान
मिथुन चक्रवर्ती को यह सम्मान बर्धमान यूनिवर्सिटी के 40वें दीक्षांत समारोह में दिया जाएगा। यह कार्यक्रम पश्चिम बंगाल के गोलापबाग कैंपस में बने ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। यूनिवर्सिटी ने इस खास दिन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। मिथुन को डॉक्टर ऑफ लिटरेचर यानी डी.लिट. की मानद उपाधि दी जाएगी। यह सम्मान उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने काम से किसी खास क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया हो। मिथुन को यह उपाधि हिंदी और बंगाली सिनेमा में उनके लंबे और शानदार सफर के लिए दी जा रही है।
Rashmika Mandanna की फिल्म ‘Mysaa’ की रिलीज टली, मेकर्स ने बताई बड़ी वजह; फैंस को नई डेट का इंतजार
राज्यपाल आर. एन. रवि ने दी मंजूरी
मिथुन चक्रवर्ती को यह सम्मान देने का फैसला यूनिवर्सिटी की कार्यकारी परिषद की बैठक में लिया गया था। इसके बाद प्रस्ताव को मंजूरी के लिए यूनिवर्सिटी के चांसलर और राज्यपाल आर. एन. रवि के पास भेजा गया। जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर को राज्यपाल सचिवालय की ओर से यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर शंकर कुमार नाथ को पत्र भेजा गया। इस पत्र में मिथुन को मानद डी.लिट. देने के फैसले को मंजूरी मिलने की जानकारी दी गई।
दो बड़े वैज्ञानिकों को भी मिलेगी मानद उपाधि
9 दिसंबर को होने वाले समारोह में सिर्फ मिथुन चक्रवर्ती ही नहीं, बल्कि दो अन्य खास लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा। वैज्ञानिक क्षेत्र में अपने काम के लिए प्रोफेसर जी. पार्थसारथी और भूपेंद्रनाथ गोस्वामी को मानद डॉक्टर ऑफ साइंस यानी डी.एससी. की उपाधि दी जाएगी। इस तरह यूनिवर्सिटी का 40वां दीक्षांत समारोह सिनेमा और विज्ञान दोनों क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों के लिए खास रहने वाला है।
पांच दशक से ज्यादा का रहा है मिथुन का फिल्मी सफर
मिथुन चक्रवर्ती ने हिंदी और बंगाली फिल्मों में पांच दशक से भी ज्यादा समय तक काम किया है। उन्होंने अपने अलग अंदाज, डांस और दमदार एक्टिंग से फिल्मी दुनिया में खास जगह बनाई है। उनकी कई फिल्में आज भी दर्शकों के बीच पसंद की जाती हैं। अपने लंबे फिल्मी सफर में मिथुन को कई बड़े पुरस्कार मिल चुके हैं। साल 2024 में उन्हें पद्म भूषण और दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। वह राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। अब बर्धमान यूनिवर्सिटी की ओर से मिलने वाली डी.लिट. की उपाधि उनके सम्मान की सूची में एक और नाम जोड़ देगी। 9 दिसंबर का समारोह उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत के लिए भी खास होने वाला है।




















