इंदौर में हथियारबंद चोरों का आतंक! किसान के सूने मकान का ताला तोड़कर गहने और नकदी उड़ाई

इंदौर। शहर में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। कनाड़िया इलाके में चोरों ने एक किसान के मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार त्योहार मनाने रिश्तेदारों के यहां गया हुआ था। इसी का फायदा उठाकर हथियारबंद बदमाशों ने मकान का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर सोने की चेन, चांदी की पायजेब और नकदी समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में पांच संदिग्ध इलाके में घूमते और रेकी करते दिखाई दे रहे हैं।
तीन-चार दिन से सूना पड़ा था मकान
कनाड़िया पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में रहने वाले किसान प्रवीण अपने परिवार के साथ पिछले तीन-चार दिनों से त्योहार मनाने रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे। घर पर किसी के मौजूद नहीं होने की जानकारी बदमाशों को मिल गई थी। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात बदमाशों ने मौके का फायदा उठाया और मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया।घर में घुसने के बाद बदमाशों ने अलमारी खंगाली। वहां रखी सोने की एक चेन, चांदी की पायजेब और नकदी लेकर वे मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने आसपास के दूसरे मकानों की भी रेकी की थी, लेकिन वहां चोरी की वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके।
ये भी पढ़ें: दिखा चीन का गुप्त शेनलोंग स्पेसप्लेन, चीन कर सकता है पथ्वी की कक्षा में स्थापित, किया जा सकता है मिलिट्री इस्तेमाल
घर लौटे तो बिखरा मिला सामान
मंगलवार को किसान प्रवीण अपने परिवार के साथ घर लौटे तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। अलमारी और अन्य सामान की जांच करने पर चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने कनाड़िया थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी।
ये भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश में ONGC के गैस कुएं से भारी रिसाव, 800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
CCTV में कैद हुए पांच संदिग्ध
चोरी की घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसमें पांच संदिग्ध इलाके में घूमते और मकानों की रेकी करते नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। उनके हुलिए और गतिविधियों के आधार पर तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें: फर्जी जन्म प्रमाण पत्र केस: आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, पत्नी और बेटे की दोषसिद्धि पर भी लगी रोक
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फरियादी को FIR दर्ज कराने के लिए कहा गया है। औपचारिक कार्रवाई पूरी होने के बाद विधिवत प्रकरण दर्ज किया जाएगा। फिलहाल CCTV फुटेज और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आसपास के अन्य मकानों को निशाना बनाने की कोशिश भी इसी गिरोह ने की थी या नहीं।




















