बच्चा चोरी के शक में पकड़ी गई महिला, रात में खाना मांगने के बहाने घूम रही थी! ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले किया

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा में सोमवार रात बच्चा चोरी की आशंका को लेकर हड़कंप मच गया, यहां वार्ड क्रमांक 05 में लोगों ने एक संदिग्ध महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। महिला पर आरोप है कि उसने एक बच्चे को पकड़ने की कोशिश की थी। हालांकि, बच्चा किसी तरह वहां से बचकर भाग निकला और अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खाना मांगने के बहाने घरों के आसपास घूम रही थी महिला
स्थानीय लोगों के मुताबिक, संदिग्ध महिला सोमवार रात खाना मांगने के बहाने वार्ड के घरों के आसपास घूम रही थी. इसी दौरान उसने कथित तौर पर वहां मौजूद एक बच्चे को पकड़ लियाष। हालांकि, बच्चा किसी तरह खुद को छुड़ाकर वहां से भागने में सफल रहा, इसके बाद उसने तुरंत अपने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई।
लोगों ने घेरकर पकड़ा, पुलिस को बुलाया
बच्चे से घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और आसपास के लोग सतर्क हो गए। उन्होंने मौके पर भीड़ जुटाई और संदिग्ध महिला को घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जानकारी मिलते ही तेंदूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
कभी लखनऊ तो कभी गांव की बता रही रहने वाली
पुलिस फिलहाल महिला से पूछताछ कर रही है। उसके रहने की जगह और तेंदूखेड़ा आने की वजह का पता लगाया जा रहा है, बताया जा रहा है कि महिला कभी खुद को लखनऊ तो कभी आसपास के गांव की रहने वाली बता रही है। पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल बच्चा चोरी की कोशिश की पुष्टि नहीं हुई है, पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।




















