Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

GTA 6 Release: 19 नवंबर को GTA 6 खेलेगी पूरी कंपनी, कर्मचारियों और फ्रीलांसरों को मिलेगा गेमिंग ब्रेक

गेम की रिलीज को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। भारत की कंपनी Inde by ChairsCarte ने 19 नवंबर को कर्मचारियों, इंटर्न और फ्रीलांसरों के लिए छुट्टी घोषित की है। जानिए कंपनी के इस अनोखे फैसले की वजह और सोशल मीडिया पर लोगों का रिएक्शन।
GTA 6 Release: 19 नवंबर को GTA 6 खेलेगी पूरी कंपनी, कर्मचारियों और फ्रीलांसरों को मिलेगा गेमिंग ब्रेक
GTA 6 की रिलीज पर भारत की कंपनी Inde by ChairsCarte ने 19 नवंबर को कर्मचारियों, इंटर्न और फ्रीलांसरों के लिए छुट्टी घोषित की। 

जिस गेम का फैंस 13 साल से इंतजार कर रहे हैं, उसके लिए अब ऑफिस का काम भी रोक दिया गया है! जी हां, GTA 6 की दीवानगी ऐसी है कि भारत की एक कंपनी ने 19 नवंबर को अपने कर्मचारियों के लिए छुट्टी का ऐलान कर दिया है। चर्चित वीडियो गेम Grand Theft Auto 6 (GTA 6) की रिलीज का इंतजार अब खत्म होने वाला है। गेम को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। इसी बीच भारत की एक कंपनी ने ऐसा फैसला लिया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। कंपनी ने GTA 6 की रिलीज के मौके पर 19 नवंबर को अपने कर्मचारियों, इंटर्न और फ्रीलांसरों के लिए छुट्टी घोषित कर दी है। यानी इस दिन कंपनी में काम की जगह गेमिंग का माहौल रहेगा। कंपनी के इस फैसले की इंटरनेट पर जमकर तारीफ हो रही है।

GTA 6 की रिलीज पर भारत की कंपनी ने दी छुट्टी

भारत की इंटीरियर डिजाइन कंपनी 'इंडे बाय चेयर्सकार्टे' (Inde by ChairsCarte) ने अपने कर्मचारियों को खास तोहफा दिया है। कंपनी ने ऐलान किया है कि GTA 6 की रिलीज के दिन यानी 19 नवंबर को सभी कर्मचारियों को छुट्टी मिलेगी। खास बात यह है कि इस छुट्टी का फायदा सिर्फ फुल टाइम कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा। कंपनी ने इसमें इंटर्न और फ्रीलांसरों को भी शामिल किया है। यानी कंपनी से जुड़े सभी लोग बिना ऑफिस के काम की चिंता किए अपने पसंदीदा गेम का मजा ले सकेंगे। कंपनी के संस्थापक और CEO किशोर शनमुगम ने इंस्टाग्राम के जरिए इस फैसले की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि कंपनी के कई लोग लंबे समय से GTA 6 का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में गेम की रिलीज का दिन उनके लिए किसी त्योहार से कम नहीं है।

CEO ने बताई GTA 6 के लिए छुट्टी देने की वजह

कंपनी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में GTA गेम सीरीज से जुड़ी पुरानी यादों को भी साझा किया है। पोस्ट के मुताबिक, कंपनी के कई कर्मचारी Vice City और GTA V जैसे गेम खेलते हुए बड़े हुए हैं। इन गेम्स के साथ उनकी कई यादें जुड़ी हुई हैं। कभी देर रात तक मिशन पूरे करना, तो कभी चीट कोड का इस्तेमाल करके गेम में नए-नए एक्सपेरिमेंट करना, ये सब उनके बचपन और युवावस्था का हिस्सा रहा है। अब करीब 13 साल से ज्यादा समय के इंतजार के बाद GTA 6 रिलीज होने जा रहा है। ऐसे में कंपनी ने अपने कर्मचारियों को इस खास मौके का आनंद लेने के लिए एक दिन की छुट्टी देने का फैसला किया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कंपनी का फैसला

GTA 6 की रिलीज पर छुट्टी देने का ऐलान सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने कंपनी की तारीफ शुरू कर दी। कई यूजर्स ने इसे कर्मचारियों के लिए शानदार फैसला बताया। कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में कंपनी में नौकरी की वैकेंसी के बारे में पूछना शुरू कर दिया। वहीं, कुछ यूजर्स ने कहा कि काश उनकी कंपनी भी गेम की रिलीज के दिन ऐसी छुट्टी दे देती। एक यूजर ने दूसरे देश से कंपनी को बधाई देते हुए इस पहल की सराहना की। वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाक में कहा कि वह भी इसी कंपनी में काम करना चाहता है।

Logitech भी कर्मचारियों को दे चुकी है गेम खेलने के लिए छुट्टी

GTA 6 के लिए कर्मचारियों को छुट्टी देने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले कंप्यूटर एक्सेसरीज बनाने वाली मशहूर कंपनी Logitech भी गेमिंग को लेकर ऐसी पहल कर चुकी है। कंपनी ने अपने करीब 7,000 कर्मचारियों के लिए 'लॉजी गेम डे' (Logi Game Day) नाम से खास सुविधा शुरू की थी। इसके तहत कर्मचारी अगले एक साल के दौरान अपनी पसंद का कोई भी वीडियो गेम खेलने के लिए एक दिन की पेड छुट्टी ले सकते हैं। इस पहल में फुल टाइम कर्मचारियों के साथ इंटर्न को भी शामिल किया गया था।

अमेरिकी सेना ने भी GTA 6 के लिए दिया था खास ऑफर

GTA 6 को लेकर दीवानगी सिर्फ कंपनियों तक सीमित नहीं है। अमेरिका की 3rd Infantry Division ने भी गेम खेलने के लिए सैनिकों को चार दिन का पास देने का ऐलान किया था। यह सुविधा उन सैनिकों के लिए थी, जो 1 अगस्त से 14 नवंबर के बीच दोबारा सेना में सेवा जारी रखने का कॉन्ट्रैक्ट साइन करते हैं। इसके अलावा कैलिफोर्निया की कंपनी Burger Motorsports ने भी 19 नवंबर को अपना कामकाज एक दिन के लिए बंद करने का फैसला किया था। कंपनी के मुताबिक, GTA 6 की रिलीज को देखते हुए कर्मचारियों की ओर से छुट्टी के लिए बड़ी संख्या में अनुरोध मिल रहे थे। ऐसे में कंपनी ने सभी को छुट्टी देने का फैसला किया।

कब रिलीज होगा GTA 6? 

GTA 6 की रिलीज डेट 19 नवंबर तय की गई है। यह गेम Rockstar Games की लोकप्रिय Grand Theft Auto सीरीज का अगला बड़ा हिस्सा है। GTA V की रिलीज के 13 साल से ज्यादा समय बाद इसका नया वर्जन आ रहा है। गेम के अब तक जारी ट्रेलर में दो मुख्य किरदार दिखाई दिए हैं।

  • लूसिया कैमिनोस (Lucia Caminos): गेम की मुख्य महिला किरदार।
  • जेसन डुवाल (Jason Duval): गेम का दूसरा मुख्य किरदार।

इन दोनों किरदारों की कहानी अमेरिकी अपराधी जोड़ी बोनी पार्कर और क्लाइड बैरो से प्रेरित बताई गई है। गेम में दोनों के बीच की कहानी और अपराध की दुनिया को दिखाया जाएगा।

GTA 6 किन प्लेटफॉर्म पर होगा उपलब्ध?

शुरुआत में GTA 6 को PlayStation 5 और Xbox Series X/S के लिए रिलीज किया जाएगा। गेम को लेकर अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, इसके लिए लगभग 210 GB खाली स्टोरेज की जरूरत हो सकती है। गेम की प्री-लोडिंग 10 नवंबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है। इससे यूजर्स रिलीज से पहले ही गेम की फाइल डाउनलोड कर सकते हैं और लॉन्च के समय सीधे खेलना शुरू कर सकते हैं। 19 नवंबर को स्थानीय समय के अनुसार रात 12 बजे गेम खेलने के लिए उपलब्ध होगा।

GTA 6 को लेकर क्यों है इतनी दीवानगी?

GTA सीरीज दुनिया की सबसे लोकप्रिय वीडियो गेम फ्रेंचाइजी में शामिल है। इसके पुराने गेम्स ने गेमिंग की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। खासकर GTA Vice City और GTA V को दुनियाभर में काफी पसंद किया गया। गेम में खुली दुनिया (Open World), शानदार ग्राफिक्स, मिशन, गाड़ियों और किरदारों के साथ अपनी पसंद से खेलने की आजादी मिलती है। यही वजह है कि GTA 6 को लेकर फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। अब जब रिलीज की तारीख करीब आ रही है, तो भारत से लेकर अमेरिका तक कंपनियां भी इस गेम के उत्साह में शामिल होती दिखाई दे रही हैं।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts