विकास बनाम बदहाली:कांग्रेस ने शहरभर में लगाए '4 साल इंदौर बेहाल' के पोस्टर,नगर निगम और महापौर को घेरा

इंदौर। भारतीय जनता पार्टी की नगर परिषद के चार वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस ने नगर निगम और महापौर परिषद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने "4 साल इंदौर बेहाल" अभियान की शुरुआत करते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में पोस्टर लगाकर भाजपा परिषद के विकास दावों पर सवाल खड़े किए। कांग्रेस का आरोप है कि चार वर्षों में विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। शहर की सड़कें बदहाल हैं, कई निर्माण कार्य वर्षों से अधूरे पड़े हैं और नागरिक रोजाना परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
अभियान का नेतृत्व कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल और गिरीश जोशी ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाए। पोस्टरों के माध्यम से नगर निगम के कार्यों को लेकर सवाल उठाते हुए जनता का ध्यान शहर की मूलभूत समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया।
यह भी देखें: जेल से निकला ,अब मेडिकल कॉलेज लौटने की तैयारी: छात्र ने DAVV से लगाई गुहार
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महापौर और भाजपा परिषद लगातार इंदौर को विकास का मॉडल बताकर अपनी उपलब्धियां गिना रहे हैं, जबकि शहर की वास्तविक स्थिति कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। उन्होंने कहा कि नसिया रोड, गुजराती स्कूल मार्ग, जूनी इंदौर, चंद्रभागा, कलाकुई मस्जिद मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से खुदी हुई हैं या उनकी हालत बेहद खराब है। कई स्थानों पर निर्माण कार्य वर्षों से अधूरे पड़े हैं, जिससे स्थानीय रहवासियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी देखें: बड़वानी जिला अस्पताल में बड़ी लापरवाही! महिला के शव पर मिली चींटियां, सिविल सर्जन ने जिम्मेदार कर्मचारी हटाया
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बारिश के मौसम में शहर की बदहाल सड़कों की स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। जगह-जगह गड्ढे, जलभराव और अधूरे निर्माण कार्य दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन विकास के दावे कर रहा है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी नागरिकों को न तो बेहतर सड़कें मिल रही हैं और न ही सुगम यातायात की सुविधा।
यह भी देखें: आबूधाबी-इंदौर फ्लाइट में गोल्ड तस्करी! यात्री से 1 किलो सोना बरामद, DRI ने एयरलाइंस कर्मचारियों से भी की पूछताछ
विवेक खंडेलवाल और गिरीश जोशी ने कहा कि "4 साल इंदौर बेहाल" अभियान किसी एक वार्ड या सड़क तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शहर की वास्तविक तस्वीर जनता के सामने लाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पोस्टरों के माध्यम से उन समस्याओं को उजागर किया जा रहा है, जिनसे शहरवासी रोज दो-चार हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि विकास के दावे करने में व्यस्त हैं।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम की कई परियोजनाएं समय सीमा के भीतर पूरी नहीं हो सकीं। इससे आम लोगों को लगातार असुविधा उठानी पड़ रही है। उन्होंने सवाल किया कि जिन परियोजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, वे आज तक अधूरी क्यों हैं और उनकी जवाबदेही कौन तय करेगा।
यह भी देखें: कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद लापता हुआ पाकिस्तानी बॉक्सर : टीम होटल से गायब; फेडरेशन पर उठे सवाल
कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन और महापौर परिषद से मांग की कि विकास के दावों के बजाय अधूरे निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही शहर की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और नागरिकों को यह बताया जाए कि विकास कार्यों में हो रही देरी के लिए जिम्मेदार कौन है।











