प्रवासी श्रमिकों को वापस लाने कलेक्टर्स भेज रहे टीम, रिश्तेदारों से लगवा रहे कॉल

पुष्पेन्द्र सिंह-भोपाल। प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में महाकोशल और विंध्य की 6 लोस सीटों पर मतदान प्रतिशत घटने से बुंदेलखंड और विंध्य (शेष सीटों) जिलों के कलेक्टरों की चिंताएं बढ़ गई हैं। कलेक्टरों द्वारा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रवासी श्रमिकों को उनकी पंचायत में ही काम देने का भरोसा देकर वापस बुलाया जा रहा है। वहीं नातेरिस्तोदारों के माध्यम से प्रेरित किया जा रहा है।
छतरपुर जिले के कलेक्टर ने विभिन्न राज्यों में टीमें भेजकर 9 हजार से अधिक श्रमिक वापस बुला लिए हैं। प्रदेश में दूसरे चरण में टीकमगढ़, रीवा, सतना, खजुराहो, दमोह, होशंगाबाद और बैतूल सीटों पर 26 अप्रैल को वोटिंग है। बुंदेलखंड में हर जिले से औसतन 10 हजार श्रमिक गर्मियों के पहले पलायन कर जाते हैं।
इसलिए भी अफसरों में टेंशन
दरअसल, 26 अप्रैल को शादीविवाह का आखरी मुहूर्त है। इसी दिन दूसरे चरण के लिए मतदान होना है। इसके चलते अफसरों को डर है कि मतदान प्रतिशत कम न हो जाए। इन संभावनाओं को देखते हुए स्वीप गतिविधियां बढ़ा दी गई हैं। गांव-गांव, घर-घर कर्मचारियों को भेजा जाकर उन्हें मतदान जरूर करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
छतरपुर में इन राज्यों से बुलाए गए प्रवासी श्रमिक
राज्य लौटे नई दिल्ली 2,166 हरियाणा 2,606 उत्तरप्रदेश 1,904 जम्मू 848 लद्दाख 259 तेलंगाना 29 गुजरात 61 पंजाब 338 राजस्थान 71 अन्य 1,222 कुल 9,504 (इन जनपदों से आए-बड़ामलहरा, बिजावर, बक्स्वाहा, छतरपुर, गौरिहार, लवकुशनगर, नौगांव, राजनगर) स्त्रोत: कलेक्टर द्वारा उपलब्ध जानकारीश्रमिकों को घर में देंगे काम
मतदान के लिए प्रवासी श्रमिकों को वापस बुलाने के प्रयास हैं। अभी तक 9 हजार से अधिक श्रमिक लौट आए हैं। पात्र को उनके ही ग्राम पंचायत में रोजगार देंगे। -संदीप जीआर, कलेक्टर, छतरपुर
6 हजार मतदाता नहीं मिले
पन्ना क्षेत्र में 6 हजार मतदाता अपने घरों में नहीं मिले। कोई शादी-विवाह में तो कोई अन्य कार्यों से बाहर थे। श्रमिकों को वापस बुलाने रिश्तेदारों का सहयोग लिया जा रहा है। -सुरेश कुमार, कलेक्टर, पन्ना
कटाई के लिए वापस आए हैं
अलग से टीम भेजकर प्रवासी श्रमिकों को वापस बुलाने की जरूरत नहीं है। यहां गेहूं कटाई चल रही है। 26 को शादी-विवाह अधिक होने से भी श्रमिक वापस आए हैं। -अवधेश शर्मा, कलेक्टर, टीकमगढ़





















