PU Special :उप्र का 'फुलेरा' बनकर देशभर में छाया एमपी का 'महोड़िया', लेकिन पर्दे पर गांव का असली नाम नहीं आने की रह गई कसक

सुनील शर्मा, सीहोर। किसी गांव के लिए इससे बड़ी खुशी क्या होगी कि उसकी गलियां, चौपाल, पंचायत भवन और वहां की मिट्टी देशभर के करोड़ों दर्शकों के दिलों में जगह बना लें। ऐसी ही पहचान सीहोर जिले के ग्राम महोड़िया को लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' ने दिलाई है। लेकिन इसके साथ गांव के लोगों के मन में एक कसक भी है। जिस महोड़िया में सीरीज की शूटिंग हुई, जिस गांव के परिवेश ने पर्दे पर फुलेरा को जीवंत बनाया, उसी गांव का वास्तविक नाम दर्शकों तक नहीं पहुंच पाया।

काल्पनिक ‘फुलेरा’ की जगह का ‘महोड़िया’ होता तो गर्व बढ़ जाता
पूर्व पंचायत प्रतिनिधि लाल सिंह का कहना है कि यदि सीरीज में काल्पनिक नाम फुलेरा के स्थान पर महोड़िया का नाम होता तो ग्रामीणों की खुशी और गर्व कई गुना बढ़ जाता। उनके मुताबिक, 2019 में उनके कार्यकाल के दौरान इस वेब सीरीज की शूटिंग महोड़िया में शुरू हुई थी। धीरे-धीरे यह सीरीज लोकप्रिय होती गई और इसके साथ ही महोड़िया की गलियों, पंचायत भवन और ग्रामीण परिवेश को देशभर में पहचान मिलने लगी। आज देश के कोने-कोने में लोग फुलेरा को जानते हैं, वहां के प्रधान जी, सचिव जी और प्रह्लाद चा के किरदारों से जुड़ाव महसूस करते हैं, लेकिन इस फुलेरा की असली जमीन सीहोर जिले का महोड़िया है। हमारे लिए यह किसी सम्मान से कम नहीं है कि हमारे गांव में फिल्माई गई कहानी को देशभर में इतना प्यार मिला।
…तो गांव के बच्चों, बुजुर्गों और भावी पीढ़ी के लिए यादगार उपलब्धि होती
लाल सिंह कहते हैं, जब पर्दे पर महोड़िया की गलियां और पंचायत भवन दिखाई देता है, तो ग्रामीणों का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। हालांकि मन में यह इच्छा हमेशा रही कि वेब सीरीज में फुलेरा की जगह महोड़िया नाम होता तो गांव के बच्चों, बुजुर्गों और आने वाली पीढ़ियों के लिए यह और भी यादगार उपलब्धि बन जाती।

शूटिंग के साथ गांव के विकास भी दिया सहयोग
ग्रामीणों के अनुसार, सीरीज की टीम ने केवल गांव में शूटिंग ही नहीं की, बल्कि स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में भी सहयोग दिया। गांव में स्ट्रीट लाइट लगवाने, प्रवेश द्वार के निर्माण और मंदिरों व शांतिधाम के विकास के लिए आर्थिक मदद दी गई। शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों को रोजगार और मजदूरी के अवसर भी मिले।
ये भी पढ़ें: 'पंचायत 5' का ट्रेलर रिलीज, फुलेरा में बदली सत्ता की तस्वीर; सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी में आएगा नया मोड़
पंचायत भवन में हुई ट्रेलर की शूटिंग

सीजन-5 के प्रमोशन के लिए ग्राम पंचायत महोड़िया के पंचायत भवन में विशेष ट्रेलर की शूटिंग की गई। इस दौरान प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। एसडीएम, तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। गांव के राजेन्द्र सिंह कहते है, आज पंचायत के पांचवें सीजन को लेकर फिर महोड़िया में उत्साह है। कलाकारों की मौजूदगी और ट्रेलर लॉन्च ने पुरानी यादें ताजा कर दी हैं।




















