Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में संविधान दिवस पर छात्राओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प, अधिकारों के साथ कर्तव्यों को निभाने का संदेश

सीहोर में संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के रास्ते पर चलने की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। जब युवा पीढ़ी संविधान की भावना को समझती है, तभी एक मजबूत और जागरूक राष्ट्र की नींव तैयार होती है। इसी सोच के साथ शासकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, सीहोर में संविधान दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
सीहोर में संविधान दिवस पर छात्राओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प, अधिकारों के साथ कर्तव्यों को निभाने का संदेश
सीहोर में संविधान दिवस पर छात्राओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प

सीहोर। 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किए जाने की स्मृति में MY Bharat, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में विकसित भारत युवा संवाद संविधान दिवस विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सर्जना यादव उपस्थित रहीं। उनके साथ एसडीएम तनय वर्मा, जिला युवा अधिकारी प्रशांका जैन और जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री शीलू शर्मा भी मौजूद रहीं।

अधिकारों के साथ कर्तव्यों को समझना भी जरूरी

मुख्य अतिथि सर्जना यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान में प्रत्येक नागरिक को अधिकार दिए गए हैं, लेकिन इन अधिकारों के साथ कुछ महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी जुड़ी हुई हैं। एक जागरूक नागरिक वही है, जो अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी ईमानदारी से पालन करे। उन्होंने समानता, स्वतंत्रता, न्याय, बंधुत्व और सामाजिक समरसता जैसे संवैधानिक आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रखने, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में उतारने की आवश्यकता बताई। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के माध्यम से खुद को सशक्त बनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

ये भी पढ़ें: सीहोर: हार्ट पेशेंट पत्नी को तेज आवाज से खतरा, बुजुर्ग की गुहार पर पुलिस पंचायत का एक्शन; बेटों को भी झुकना पड़ा

नशे से दूर रहकर युवा शक्ति को सही दिशा देने का संदेश

कार्यक्रम में यूथ आइकन अनुपमा मिश्रा ने 'नशा मुक्त युवा' विषय पर प्रभावशाली पीपीटी प्रस्तुति दी। उन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा देश की सबसे बड़ी ताकत है। इस ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक कार्यों, शिक्षा और समाज के विकास में होना चाहिए। स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर ही नशामुक्त समाज की कल्पना को साकार किया जा सकता है।

खिलाड़ी ने बताया सफलता का रास्ता

युवा खिलाड़ी ललित परमार ने अपने खेल जीवन के अनुभव छात्राओं के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि सफलता किसी एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं होती, बल्कि इसके पीछे लगातार अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और कठिन परिस्थितियों से लड़ने का जज्बा होता है। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेने की प्रेरणा दी।

प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से लिया संविधान का संकल्प

कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और संविधान दिवस के महत्व पर सामूहिक चर्चा हुई। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण और भावपूर्ण क्षण संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रहा। इसमें अतिथियों, प्राध्यापकों और छात्राओं ने एक साथ भाग लिया। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Breaking News

जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनें छात्राएं

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद शर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में संवैधानिक चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जागरूक, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने अतिथियों, आयोजकों और प्रतिभागी छात्राओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने छात्राओं को यह संदेश दिया कि संविधान की असली ताकत उसके पन्नों में नहीं, बल्कि उन मूल्यों को जीवन में अपनाने वाले नागरिकों में है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts