Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

JEE Main 2027: आधार कार्ड और 10वीं की मार्कशीट में नाम अलग होने पर भी नहीं होगा आवेदन रद्द, NTA ने दी बड़ी राहत

JEE Main 2027 के आवेदन को लेकर NTA ने छात्रों को बड़ी राहत दी है। अब आधार कार्ड और 10वीं की मार्कशीट में नाम अलग होने पर भी आवेदन रद्द नहीं होगा।
JEE Main 2027: आधार कार्ड और 10वीं की मार्कशीट में नाम अलग होने पर भी नहीं होगा आवेदन रद्द, NTA ने दी बड़ी राहत
जेईई मेन 2027 के लिए आवेदन करने वाले लाखों छात्रों को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने बड़ी राहत

JEE Main 2027 के लिए आवेदन करने वाले लाखों छात्रों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ी राहत दी है। अगर आपके आधार कार्ड और कक्षा 10वीं की मार्कशीट में नाम की स्पेलिंग या दूसरी डिटेल अलग-अलग हैं, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। एनटीए ने साफ कर दिया है कि दोनों दस्तावेजों में नाम का अंतर होने से उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द नहीं होगी। हालांकि, आवेदन फॉर्म भरते समय छात्रों को अपना नाम 10वीं की मार्कशीट के अनुसार ही दर्ज करना होगा। एनटीए ने JEE Main 2027 से जुड़े छात्रों के सवालों का जवाब देने के लिए 48 FAQs यानी अक्सर पूछे जाने वाले सवालों की सूची जारी की है। इसमें रजिस्ट्रेशन, आधार कार्ड, डिजिलॉकर, APAAR ID, कैटेगरी सर्टिफिकेट, परीक्षा केंद्र और करेक्शन विंडो से जुड़े कई जरूरी नियम बताए गए हैं।

आधार कार्ड और 10वीं की मार्कशीट में नाम अलग है तो क्या करें?

JEE Main 2027 का आवेदन करते समय कई छात्रों को आधार कार्ड और 10वीं की मार्कशीट में नाम अलग होने की चिंता रहती है। किसी दस्तावेज में नाम की स्पेलिंग अलग होती है, तो कहीं पूरा नाम या दूसरी जानकारी अलग दर्ज होती है।

एनटीए ने इस परेशानी को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है।  आवेदन फॉर्म में नाम कक्षा 10वीं की मार्कशीट के अनुसार भरना होगा। आधार कार्ड में नाम अलग होने पर भी आवेदन रद्द नहीं होगा। दोनों दस्तावेजों में नाम का अंतर उम्मीदवार की उम्मीदवारी को प्रभावित नहीं करेगा। इसलिए छात्र आवेदन करते समय 10वीं के प्रमाण पत्र में दर्ज नाम को ही आधार बनाएं।

JEE Main 2027 के लिए APAAR ID अनिवार्य नहीं

एनटीए ने APAAR ID को लेकर भी छात्रों को राहत दी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि JEE Main 2027 के रजिस्ट्रेशन के लिए APAAR ID अनिवार्य नहीं है। यानी जिन छात्रों के पास यह आईडी नहीं है, वे भी बिना किसी परेशानी के आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, एनटीए ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन शुरू करने से पहले अपना डिजिलॉकर री-KYC पूरा कर लें। इससे आवेदन के कंफर्मेशन पेज पर उनकी नई और सही फोटो दिखाई देने में मदद मिलेगी।अगर डिजिलॉकर में लॉगिन करने में परेशानी आती है, तो छात्र अपने लॉगिन क्रेडेंशियल्स की मदद से दोबारा कोशिश कर सकते हैं।

कैटेगरी सर्टिफिकेट और 12वीं के रोल नंबर पर क्या है नियम?

JEE Main 2027 के आवेदन के दौरान कैटेगरी सर्टिफिकेट और 12वीं के रोल नंबर को लेकर भी एनटीए ने जरूरी जानकारी दी है। रजिस्ट्रेशन के समय छात्रों को कैटेगरी प्रमाण पत्र अपलोड करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, सर्टिफिकेट का नंबर, जारी होने की तारीख और जारी करने वाले प्राधिकारी की जानकारी देना अनिवार्य है।

जो छात्र 2026-27 में कक्षा 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं और उनका रोल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर अभी जारी नहीं हुआ है, वे 'Not Available' का विकल्प चुन सकते हैं। वहीं, इंप्रूवमेंट परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों को 'Passed' विकल्प चुनना होगा।

परीक्षा शहर चुनने और लाइव फोटो को लेकर जरूरी जानकारी

JEE Main 2027 के आवेदन में छात्र एड्रेस से जुड़ी शर्तों के अनुसार अधिकतम चार पसंदीदा परीक्षा शहर चुन सकते हैं। इसके अलावा आवेदन के दौरान लाइव फोटो अपलोड करने में भी कुछ छात्रों को परेशानी हो सकती है। अगर सिस्टम आपकी लाइव फोटो स्वीकार नहीं करता है, तो आप उसे दोबारा क्लिक करके अपलोड करने की कोशिश कर सकते हैं।

JEE Main 2027 Session 2 के लिए अलग से करना होगा आवेदन

एनटीए के अनुसार, JEE Main 2027 के दूसरे सत्र यानी अप्रैल 2027 की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को अलग से आवेदन करना होगा। सेशन 1 का फॉर्म भरने का मतलब यह नहीं है कि छात्र का दूसरे सत्र के लिए भी रजिस्ट्रेशन अपने आप हो जाएगा। इसलिए दोनों सत्रों में शामिल होने की योजना बना रहे उम्मीदवारों को आवेदन की तारीखों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

आवेदन और परीक्षा की महत्वपूर्ण तारीखें

JEE Main 2027 सेशन 1 के लिए एनटीए ने निम्नलिखित तारीखें बताई हैं-

महत्वपूर्ण प्रक्रिया

तारीख

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख

22 नवंबर 2026

लेट फीस के साथ आवेदन

23 से 26 नवंबर 2026

आवेदन करेक्शन विंडो

27 से 29 नवंबर 2026

सेशन 1 संभावित परीक्षा

20 से 30 जनवरी 2027

सेशन 2 रजिस्ट्रेशन

5 जनवरी से 3 फरवरी 2027

छात्रों के लिए जरूरी सलाह

JEE Main 2027 में शामिल होने वाले छात्रों को आवेदन करने से पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जांच लेनी चाहिए। खासतौर पर 10वीं की मार्कशीट में दर्ज नाम के अनुसार ही फॉर्म भरें। साथ ही डिजिलॉकर की री-KYC पूरी रखें और आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते रजिस्ट्रेशन कर लें। एनटीए की ओर से जारी 48 FAQs को पढ़कर छात्र आवेदन से जुड़ी अपनी शंकाओं को भी दूर कर सकते हैं। इससे फॉर्म भरते समय होने वाली गलतियों से बचने में मदद मिलेगी।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts