भ्रष्टाचार की सजा: चीन में दो पूर्व रक्षामंत्रियों को दी गई फांसी की सजा, करप्शन का था आरोप

बीजिंग। चीन ने भ्रष्टाचार के आरोपों में पूर्व रक्षा मंत्रियों वेई फेंगहे और ली शांगफू को मौत की सजा सुनाई है। हालांकि इसमें दो साल की महोलत भी दी गई है। यह घोषणा राष्ट्रपति शी जिनपिंग द्वारा सैन्य और राजनीतिक तंत्र में चलाए जा रहे लंबे भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में सबसे बड़े घटनाक्रमों में से एक है। चीन के सरकारी मीडिया शिन्हुआ के मुताबिक दोनों पूर्व मंत्रियों को रिश्वतखोरी का दोषी पाया गया था। बता दें कि चीन के अधिकारियों ने अदालत के फैसलों का पूरा विवरण या दोनों पूर्व सैन्य नेताओं से जुड़े भ्रष्टाचार के पैमाने का ब्योरा नहीं दिया है। विश्लेषकों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य महत्वपूर्ण राजनीतिक परिवर्तनों से पहले सेना पर शी जिनपिंग का नियंत्रण मजबूत करना भी है।
ली शांगफू की जांच और बर्खास्तगी
ली शांगफू को कम्युनिस्ट पार्टी (चीन की रूलिंग पार्टी) से निष्कासित किए जाने से पहले 2024 में जांच के दायरे में लाया गया था। डिसिप्लिनरी एजेंसियों ने ली गंभीर उल्लंघन का दोषी पाया इसमें राजनीतिक और संगठनात्मक अनुशासन के मामले शामिल थे। इसमें एहसान के बदले "भारी मात्रा में धन और कीमती सामान लेना" शामिल था।
पद से हटाने के पहले गायब हो गए थे
ली चीन के शक्तिशाली केंद्रीय सैन्य आयोग (सीएमसी) के सदस्य भी थे। 2023 में रक्षा मंत्री के पद से अचानक हटाए जाने से पहले वे कई महीनों तक गायब रहे। ली के पहले रहे रक्षा मंत्री वेई फेंगहे को भी इसी तरह के भ्रष्टाचार के आरोपों पर निष्कासित किया गया था।
शी कर रहे शुद्धिकरण
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग देश की सेना और राजनीतिक हलकों में भ्रष्टाचार कम करने का अभियान चला रहे हैं। यह सजा पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के भीतर चल रहे व्यापक शुद्धिकरण के बीच आई है। पिछले साल, शी ने सेना के सीनियर अफसरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। उसमें पार्टी अनुशासन और भ्रष्टाचार के आरोप में पूर्व केंद्रीय सैन्य आयोग के उपाध्यक्ष हे वेइडोंग सहित नौ शीर्ष जनरलों को निष्कासित कर दिया गया था।
कई राजनीतिक हस्तियां गायब हो चुकी हैं
शी जिनपिंग के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के चलते पिछले कुछ सालों में कई वरिष्ठ राजनीतिक और सैन्य हस्तियां सार्वजनिक जीवन से गायब हो गईं। इनमें पूर्व विदेश मंत्री किन गैंग, अलीबाबा के ओनर जैक मा भी शामिल हैं।
जैक मा भी हो गए थे गायब
चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी को जिस भी शख्स के विरोध या खतरे की आशंका होती है वो गायब हो जाता है। यह देश में आम है। चीनी कंपनी अलीबाबा के ओनर जैक मा भी अचानक गायब हो गए थे।












