सागर में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, जहरीली शराब की आशंका पर जांच शुरू

सागर जिले में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा रामचंद्र में गुरुवार को दोनों ने डीसीआर ब्रांड की लाल मसाला शराब पी थी। इसके बाद एक व्यक्ति की घर में ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीम गांव पहुंची। मृतकों के घरों के आसपास से शराब के खाली क्वार्टर जब्त किए गए हैं। शराब के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों व्यक्ति पहले से बीमार थे। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मृतकों की पहचान कमलेश लोधी (45), पिता नारायण लोधी और चंद्रभान (42), पिता मुलायम सिंह के रूप में हुई है। दोनों ग्राम सेमरा रामचंद्र के रहने वाले थे।
शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत
एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया के अनुसार कमलेश लोधी पहले से पाइल्स की बीमारी से पीड़ित था। उसे लगातार रक्तस्राव की समस्या थी। इसके बावजूद वह नियमित रूप से शराब का सेवन करता था।

गुरुवार को शराब पीने के बाद रात में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत खराब होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कमलेश की बीमारी और उपचार से संबंधित जानकारी जुटाई है। साथ ही परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
खदान से घर लौटा चंद्रभान, सोते समय हुई मौत
दूसरे मृतक चंद्रभान की उम्र 42 साल थी। वह भी लंबे समय से बीमार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक उसे पहले से खून की उल्टियां होने की शिकायत थी। करीब तीन महीने पहले उसे उपचार के लिए बंसल हॉस्पिटल और भाग्योदय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह भी नियमित रूप से शराब पीता था। गुरुवार को शराब पीने के बाद चंद्रभान पत्थर की खदान में मजदूरी करने गया था। काम के दौरान उसके सिर में तेज दर्द होने लगा। इसके बाद वह घर लौट आया और बिना खाना खाए सो गया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।
आबकारी विभाग ने जब्त किए शराब के खाली क्वार्टर
दो लोगों की मौत की सूचना मिलने के बाद आबकारी विभाग की टीम सेमरा रामचंद्र गांव पहुंची। टीम ने मृतकों के घरों और आसपास के क्षेत्रों की जांच की। इस दौरान शराब के खाली क्वार्टर मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। शराब के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब में किसी प्रकार की मिलावट या हानिकारक पदार्थ तो नहीं था। एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में दोनों के सरकारी दुकान से शराब खरीदने की बात सामने आई है। उन्होंने क्षेत्र में अवैध शराब की दुकानें पूरी तरह बंद होने की बात भी कही।
पहले जहरीली शराब से 36 से ज्यादा मौतों का मामला आ चुका सामने
सागर के बंडा क्षेत्र में इससे पहले भी जहरीली शराब से मौतों का गंभीर मामला सामने आ चुका है। उस मामले में 36 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। पुलिस ने मामले में 52 लोगों को आरोपी बनाया था। इनमें से मास्टरमाइंड, ठेकेदार और सप्लायर सहित 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब एक ही गांव में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत होने से एक बार फिर शराब की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मौजूदा दोनों मौतों का जहरीली शराब से संबंध अभी स्थापित नहीं हुआ है।
बैतूल में शराब छुड़ाने की दवा बनी जानलेवा, जड़ी-बूटी का घोल पीने से 2 की मौत, 5 अस्पताल में भर्ती
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों मृतकों की मेडिकल हिस्ट्री की जांच की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों लंबे समय से बीमार थे और नियमित रूप से शराब का सेवन करते थे। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। साथ ही शराब के नमूनों की जांच कराई जा रही है। पुलिस जहरीली शराब की आशंका को भी जांच में शामिल कर रही है।




















