CG NEWS:कांकेर-नारायणपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी,गोला-बारूद और विस्फोटक का भारी जखीरा बरामद

कांकेर: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। कांकेर और नारायणपुर जिले में अलग-अलग संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद सामग्री को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है।
CG NEWS: रायपुर में भीषण आग, ऑक्टोपस बार समेत 4 दुकानें जलकर खाक,
कांकेर में जंगल से मिला नक्सलियों का डंप
कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि गट्टाकाल और दरवीकोड़ो के बीच पहाड़ी जंगल में नक्सलियों ने हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपा रखी है। सूचना के आधार पर छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया, जिसमें बड़ी मात्रा में नक्सली डंप बरामद हुआ।
गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान टीम ने UBGL, BGL सेल, डेटोनेटर, AK-47 और SLR के कारतूस, 303 राइफल राउंड, 9 एमएम पिस्टल राउंड, फुटका बारूद, मैग्जीन, देसी कट्टा और दूरबीन सहित कई सामग्री बरामद की। बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत निष्क्रिय कर दिया गया।
एसपी ने दी बरामदगी की जानकारी
कांकेर एसपी निखिल राखेचा के अनुसार अभियान में 1 UBGL, 2 AK-47 राउंड, 21 नग 8 एमएम राउंड, 99 SLR राउंड, 14 नग 303 राउंड, 23 नग 9 एमएम कारतूस, 20 डेटोनेटर, 10 किलो फुटका बारूद, 10 BGL सेल, 10 BGL राउंड, 2 AK-47 मैग्जीन, 1 SLR मैग्जीन, 1 देसी कट्टा और एक दूरबीन बरामद की गई है।
नारायणपुर में मिले 297 जिंदा कारतूस
वहीं नारायणपुर जिले के ओरछा क्षेत्र स्थित आदींगपार कैंप के पास कसोड़-कुमेरादी जंगल में डीआरजी और आईटीबीपी की 53वीं वाहिनी ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान नक्सलियों का एक और डंप मिला, जिसमें कुल 297 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
दो प्रकार के कारतूस मिले
बरामद कारतूसों में 195 राउंड 7.62 मिमी और 102 राउंड 5.56 मिमी के शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह सामग्री नक्सली गतिविधियों में इस्तेमाल की जानी थी।
सर्च ऑपरेशन रहेगा जारी
सुरक्षाबलों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार कॉम्बिंग और सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा। जंगलों में छिपाए गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तलाश तेज कर दी गई है ताकि नक्सलियों के नेटवर्क को पूरी तरह कमजोर किया जा सके।












