PU Special :करवाचौथ पर सोलह शृंगार के साथ रील का क्रेज, 10 हजार तक किए जा रहे खर्च; प्रोफेशनल कपल शूट और टैटू का भी आकर्षण

प्रभा उपाध्याय, इंदौर। करवाचौथ पर सोलह शृंगार की परंपरा अब सोशल मीडिया के ट्रेंड से भी जुड़ गई है। महिलाएं इस खास दिन पर सजने-संवरने के साथ पति के साथ बिताए पलों को यादगार बनाने के लिए प्रोफेशनल फोटोशूट और रील बनवा रही हैं। डिजाइनर साड़ी, लहंगे और मेकअप के साथ पूजा करते हुए वीडियो बनाने का क्रेज भी बढ़ रहा है। कुछ महिलाएं इन तैयारियों पर पांच से दस हजार रुपए तक खर्च कर रही हैं। वहीं, करवाचौथ पर टैटू बनवाने का आकर्षण भी देखने को मिल रहा है।
समय के साथ त्योहार मनाने का अंदाज बदला
डॉ. विनिता कुमारी बताती हैं कि उनकी शादी को 17 साल हो चुके हैं। पहले करवाचौथ पर पूजा और व्रत ही मुख्य आकर्षण होते थे, लेकिन अब इस त्योहार को मनाने का अंदाज बदल गया है। पहले वह मोबाइल से रील बनाती थीं, लेकिन इस बार उन्होंने प्रोफेशनल फोटोग्राफर को शूट के लिए बुलाने की योजना बनाई है। प्री-करवाचौथ पर अलग अंदाज में शूट और करवाचौथ पर पति के साथ कपल शूट कराने की तैयारी है। उनका कहना है कि साल में एक बार दुल्हन की तरह सोलह शृंगार करने का मौका मिलता है और पति भी इसके लिए मना नहीं करते।
दो हजार रुपए तक में रील और फोटो
फोटोग्राफर कृष्णा गुर्जर के मुताबिक, पिछले तीन साल से करवाचौथ पर रील और कपल फोटोशूट का क्रेज बढ़ा है। इस बार भी बुकिंग मिल रही हैं। करीब दो हजार रुपए के पैकेज में 30 सेकंड से एक मिनट तक की रील और 10 एडिटेड फोटो शामिल हो सकते हैं। मेकअप और कपड़ों पर अलग खर्च होता है।
ये भी पढ़ें: Chia Seeds Face Mask: करवा चौथ से पहले चेहरे पर चाहिए नेचुरल ग्लो? घर पर बनाएं चिया सीड्स फेस पैक
टैटू बनवाने का भी है ट्रेंड
करवाचौथ पर सजने-संवरने के साथ टैटू बनवाने का ट्रेंड भी महिलाओं को आकर्षित कर रहा है। टैटू आर्टिस्ट अभिषेक टाइटो ने बताया कि पति के नाम, उनके नाम के शुरुआती अक्षर या कपल से जुड़े डिजाइन पसंद किए जाते हैं। इस तरह पारंपरिक व्रत के साथ फोटोशूट, रील और टैटू भी त्योहार की तैयारियों में शामिल हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान अर्नब का असर: करवा चौथ पर चांद के दीदार होंगे मुश्किल, घने बादल व बारिश की चेतावनी




















