Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

डबरा में नहर टूटी, 100 किसानों की 700 बीघा में खड़ी फसल हुई खराब

हरसी हाई लेवल नहर टूटने से किनारे लगा 11 केवी का पोल भी गिरा
Follow on Google News
डबरा में नहर टूटी, 100 किसानों की 700 बीघा में खड़ी फसल हुई खराब

डबरा। भितरवार अनुविभाग के ग्राम मेहगांव के पास से निकली हरसी हाई लेवल नहर गुरुवार-शुक्रवार की रात में टूट गई। इससे वहां खेतों में पानी भरने से करीब 100 किसानों की 700 बीघा में खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका व्यक्त की गई है। नहर टूटने से कितना पानी बर्बाद हो गया। इसके बारे में फिलहाल कोई अधिकारी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। जानकारी के अनुसार इस घटना से नहर किनारे लगा 11 केवी का विद्युत पोल भी गिर गया। नहर टूटने की जानकारी मिलते ही भितरवार एसडीएम देवकीनंदन सिंह देर रात ही मौके पर पहुंच गए और तत्काल सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नहर ठीक कराने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि चीनौर तहसील क्षेत्र के ग्राम मेहगांव से होकर हरसी नहर निकली है।

इसमें इस समय पानी चल रहा है। गुरुवार-शुक्रवार रात्रि में नहर का एक हिस्सा टूट गया। इससे नहर का पानी खेतों में चला गया। किसानों ने इसकी जानकारी तत्काल सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी तो मौके पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ एसडीएम देवकी नंदन सिंह भी पहुंच गए। सिंचाई विभाग के अधिकारी व कर्मचारी एसडीएम के निर्देश के बाद तत्काल नहर को दुरुस्त करने में लग गए, लेकिन सुबह तक खेतों में काफी पानी भी भर गया। हरसी हाई लेवल नहर टूटने से आरंभिक अनुमान के अनुसार करीब 100 किसानों की 700 बीघा में खड़ी फसलों को नुकसान की संभावना है। सही स्थिति सर्वे रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगी।

जल्द किया जाएगा दुरुस्त

हरसी नहर टूटने की सूचना मिली थी। रात को ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए थे। टूटी कैनाल को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। जल्द ही उसको दुरुस्त कर दिया जाएगा। -दीपक शर्मा, उपयंत्री जल संसाधन विभाग

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts