Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इटली के स्कूलों में बुर्का-नकाब पर प्रतिबंध, नियम तोड़ने पर 1,000 यूरो जुर्माना

इटली की संसद ने शिक्षा सुधार कानून को अंतिम मंजूरी दे दी है। नए नियमों के तहत स्कूलों की गतिविधियों में चेहरा ढकने वाले कपड़े पहनने पर रोक रहेगी। नाबालिगों के मामले में जुर्माने की जिम्मेदारी माता-पिता या अभिभावकों की होगी। फर्स्ट ईयर की कक्षाओं में विदेशी छात्रों की संख्या भी सीमित की गई है।
इटली के स्कूलों में बुर्का-नकाब पर प्रतिबंध, नियम तोड़ने पर 1,000 यूरो जुर्माना

मिलान। इटली में स्कूलों के लिए नए शिक्षा नियम लागू करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। इसके तहत स्कूलों की शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों के दौरान चेहरा छिपाने वाले कपड़े पहनने पर प्रतिबंध रहेगा। इस नियम के दायरे में बुर्का और नकाब भी शामिल हैं। नए कानून का उल्लंघन करने पर 1,000 यूरो (करीब 1,02,295 रुपये) तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। यदि नियम तोड़ने वाला छात्र नाबालिग है, तो जुर्माने की जिम्मेदारी उसके माता-पिता या कानूनी अभिभावकों की होगी। 

देश के शिक्षा मंत्री ग्यूसेप वाल्डिटारा ने इस कानून का बचाव करते हुए तर्क दिया कि इससे विदेशी छात्रों के बीच इतालवी भाषा की बेहतर समझ और साझा नियमों के प्रति सम्मान के जरिए उनका वास्तविक एकीकरण (genuine integration) हो सकेगा।

संसद के निचले सदन से भी मिली अंतिम मंजूरी

इटली की संसद के निचले सदन 'चैंबर ऑफ डेप्युटीज' ने 26 नवंबर को इस विधेयक के पक्ष में अंतिम मतदान किया। वोटिंग में 142 सांसदों ने कानून का समर्थन किया, जबकि 112 सदस्यों ने इसके विरोध में मतदान किया। चार सांसदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। इससे पहले 20 नवंबर को सीनेट ने भी इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी। निचले सदन से स्वीकृति मिलने के बाद कानून को संसद के दोनों सदनों की मंजूरी मिल गई।

प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने यह कानून व्यापक शिक्षा सुधार योजना के तहत पेश किया था। इसका मकसद 2026-2027 के शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को व्यवस्थित बनाना 'नेशनल रिकवरी एंड रेजिलिएंस प्लान' (PNRR) के तहत किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाना और विदेशी छात्रों को शिक्षा व्यवस्था की मुख्यधारा से जोड़ना है।

स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर क्या होंगे नियम

नए कानून में केवल बुर्का और नकाब का नाम लेकर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है, बल्कि इसमें ऐसे सभी कपड़े शामिल किए गए हैं जिनसे किसी छात्र का चेहरा छिप जाता है और उसकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। नियम के मुताबिक, स्कूल की पढ़ाई या किसी अन्य गतिविधि में हिस्सा लेते समय छात्र अपना चेहरा इस तरह नहीं ढक सकेंगे, जिससे उनकी पहचान स्पष्ट न हो पाए। इसका सीधा असर बुर्का और नकाब पहनने वाली मुस्लिम छात्राओं पर पड़ सकता है। कहा गया है कि ऐसे पहनावे के कारण शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों के लिए छात्रों की चेहरे से पहचान करना संभव नहीं हो पाता। इसी वजह से कानून में चेहरा छिपाने वाले सभी कपड़ों को प्रतिबंधित करने का प्रावधान किया गया है।

नियमों का उल्लंघन करने पर अधिकतम 1,000 यूरो का जुर्माना लगाया जा सकता है। नाबालिग छात्र के मामले में यह आर्थिक जिम्मेदारी उसके माता-पिता या कानूनी अभिभावक पर होगी।

फर्स्ट ईयर में विदेशी छात्रों की संख्या 30% तक सीमित

इटली के शिक्षा सुधार कानून में विदेशी मूल के छात्रों को लेकर भी नया प्रावधान किया गया है। इसके तहत फर्स्ट ईयर की कक्षाओं में विदेशी मूल के विद्यार्थियों की संख्या कुल छात्रों के 30 प्रतिशत से ज्यादा नहीं हो सकेगी। हालांकि, जिन विदेशी छात्रों को इतालवी भाषा की अच्छी जानकारी है, उन्हें इस सीमा से छूट दी जाएगी। इसके अलावा विदेशी अभिभावकों के लिए इतालवी भाषा सिखाने वाले विशेष कोर्स शुरू करने का भी प्रावधान किया गया है। सरकार का उद्देश्य विदेशी परिवारों को देश की शिक्षा व्यवस्था से जोड़ना है।

विपक्ष ने कानून के खिलाफ किया प्रदर्शन

शिक्षा सुधार कानून को लेकर इटली में राजनीतिक विरोध भी देखने को मिला। चैंबर ऑफ डेप्युटीज में अंतिम मतदान के दौरान विपक्षी सांसदों ने इन प्रावधानों के खिलाफ प्रदर्शन किया। विपक्षी सदस्यों ने सदन में एक पोस्टर प्रदर्शित किया, जिस पर लिखा था- स्कूल में कोई भी विदेशी नहीं होता। विपक्षी दलों ने सरकार के इस फैसले को भेदभावपूर्ण बताया है। उनका आरोप है कि नए नियम विदेशी परिवारों और मुस्लिम छात्रों के प्रति भेदभाव को बढ़ावा दे सकते हैं।

विपक्ष का कहना है कि इटली की शिक्षा व्यवस्था के सामने कई वास्तविक चुनौतियां हैं, लेकिन सरकार का नया कानून उन समस्याओं का समाधान करने के बजाय विद्यार्थियों के बीच भेदभाव और विभाजन की स्थिति पैदा कर सकता है।

Puneet Pandey
By Puneet Pandey

Latest Posts