कनाडा की सुप्रीम कोर्ट ने क्यूबेक राज्य में सरकारी कर्मचारियों के धार्मिक प्रतीक पहनने पर प्रतिबंध जारी रखा

ओटावा। कनाडा के सुप्रीम कोर्ट ने एक धर्मनिरपेक्षता कानून को वैध बनाए रखने का फैसला सुनाया है। क्यूबेक प्रांत के इस कानून के तहत कुछ सरकारी कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल पर ड्यूटी के दौरान दिखाई देने वाले धार्मिक प्रतीक पहनने की इजाजत नहीं है। अदालत के इस फैसले से उन अधिकार संगठनों को झटका लगा है, जो लंबे समय से कानून का विरोध कर रहे थे। उनका कहना है कि इससे धार्मिक अल्पसंख्यकों, खासकर मुस्लिम महिलाओं के साथ भेदभाव होता है। दूसरी ओर, क्यूबेक की संप्रभुता समर्थक सरकार के लिए इसे बड़ी राजनीतिक जीत माना जा रहा है। इस फैसले का असर प्रांत की सीमाओं से बाहर भी देखने को मिल सकता है। पिछले कुछ वर्षों में अल्बर्टा, ओंटारियो और सस्केचेवान जैसे प्रांत भी संविधान के इसी विशेष प्रावधान का उपयोग करके ट्रांसजेंडर नीतियों और हड़तालों पर प्रतिबंध लगाने वाले कानून बना चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पीएम कार्नी ने कहा कि उनकी सरकार सुप्रीम कोर्ट की स्वतंत्रता का सम्मान करती है और उसके फैसले की समीक्षा कर रही है। उन्होंने एक मोजेक (विभिन्न संस्कृतियों का मिश्रण) के रूप में वर्णित किया।
यह भी पढ़ें: इटली के स्कूलों में बुर्का-नकाब पर प्रतिबंध, नियम तोड़ने पर 1,000 यूरो जुर्माना
किन धार्मिक प्रतीकों पर लागू रहेगा प्रतिबंध
क्यूबेक के इस कानून में ऐसे सभी धार्मिक पहनावे और प्रतीक शामिल हैं, जो बाहर से स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। इनमें मुस्लिम महिलाओं का हिजाब, सिख समुदाय की पगड़ी और यहूदी धर्म में पहनी जाने वाली यार्मुलके टोपी शामिल हैं। कानून के मुताबिक, निर्धारित सरकारी सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को ड्यूटी के समय कोई भी ऐसा धार्मिक प्रतीक पहनने की अनुमति नहीं है, जो साफ नजर आता हो। इस प्रतिबंध के दायरे में शिक्षकों और पुलिस अधिकारियों सहित कुछ अन्य सरकारी कर्मचारी भी आते हैं।
धार्मिक स्वतंत्रता और मौलिक अधिकारों पर नई बहस
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कनाडा में धार्मिक स्वतंत्रता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को लेकर चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फैसले से प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के सामने राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की चुनौती और बढ़ सकती है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब कनाडा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से व्यापार युद्ध और कब्जे से जुड़ी धमकियों का सामना कर रहा है।
2019 में पारित हुआ था बिल 21
क्यूबेक का यह विवादित कानून 'बिल 21' के नाम से जाना जाता है। इसे 2019 में उस समय की प्रांतीय सरकार ने पारित किया था। कानून लाने के पीछे प्रांत के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को सुरक्षित रखने का तर्क दिया गया था। इसके तहत शिक्षकों, पुलिस अधिकारियों और कुछ अन्य सरकारी कर्मचारियों को काम के दौरान सार्वजनिक रूप से दिखाई देने वाले धार्मिक प्रतीक पहनने से रोक दिया गया। कानून के लागू होने के बाद से ही इसे अदालतों में चुनौती दी जाती रही है। विरोध करने वाले संगठनों का तर्क है कि यह धार्मिक स्वतंत्रता और समानता के अधिकारों को प्रभावित करता है।
कानून को बचाने के लिए नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज का इस्तेमाल
क्यूबेक सरकार ने बिल 21 को कानूनी चुनौतियों से सुरक्षित रखने के लिए कनाडा के संविधान के एक विशेष प्रावधान का सहारा लिया था। इसे 'नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज' कहा जाता है। यह संविधान का ऐसा प्रावधान है, जिसके जरिए प्रांतीय या संघीय सरकारें कुछ समय के लिए कनाडा के चार्टर ऑफ राइट्स एंड फ्रीडम्स में दिए गए कुछ मौलिक अधिकारों और स्वतंत्रताओं को कानून के प्रभाव से अलग रख सकती हैं। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में इस प्रावधान के इस्तेमाल को उचित माना और बिल 21 की वैधता को बरकरार रखा। अदालत के अनुसार, यह कानून एक स्वतंत्र और लोकतांत्रिक समाज में सरकारी संस्थानों की धर्मनिरपेक्षता बनाए रखने के लिए क्यूबेक की ऐतिहासिक और वैध प्रतिबद्धता से जुड़ा है।
हालांकि, शीर्ष अदालत ने कानून के एक प्रावधान को लेकर यह भी कहा कि इससे क्यूबेक की नेशनल असेंबली के उन सदस्यों के अधिकार प्रभावित होते हैं, जिन्हें अपनी धार्मिक मान्यताओं के कारण चेहरा ढकना जरूरी होता है।
अधिकार संगठनों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर जताई नाराजगी
अदालत के फैसले की कई अधिकार संगठनों ने आलोचना की है। उनका मानना है कि इससे मौलिक स्वतंत्रताओं की संवैधानिक सुरक्षा कमजोर पड़ सकती है और धार्मिक अल्पसंख्यकों को इसका सबसे अधिक खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। नेशनल काउंसिल ऑफ कैनेडियन मुस्लिम्स के मुख्य कार्यकारी स्टीफन ब्राउन ने कहा कि इस फैसले से देश की सरकारों को नागरिकों के मौलिक अधिकारों पर पाबंदियां लगाने की व्यापक छूट मिल गई है। ब्राउन के मुताबिक, यह निर्णय सरकारों को ऐसे कानून बनाने का रास्ता देता है, जिनसे कनाडा के नागरिकों की बुनियादी आजादी और कानूनी अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
फैसले पर शिक्षाविदों ने भी उठाए सवाल
यूनिवर्सिटी ऑफ वाटरलू में राजनीति विज्ञान विभाग के प्रमुख एमेट मैकफर्लेन ने क्यूबेक के इस कानून को सरकारी नीति के रूप में इस्लामोफोबिया यानी इस्लाम के प्रति पूर्वाग्रह का उदाहरण बताया। वहीं, यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू ब्रंसविक की एसोसिएट प्रोफेसर केरी फ्रोक ने फैसले को चिंताजनक मिसाल करार दिया। वह महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों की विशेषज्ञ हैं। उनका कहना है कि इस फैसले से प्रांतीय सरकारों को नॉटविथस्टैंडिंग क्लॉज के इस्तेमाल की अधिक गुंजाइश मिल गई है। इसके जरिए सरकारें अपने कानूनों को मौलिक अधिकारों के उल्लंघन से जुड़ी कानूनी चुनौतियों से बचा सकती हैं।
क्यूबेक का धर्मनिरपेक्षता कानून फ्रांस पर आधारित है
क्यूबेक कनाडा का ऐसा प्रांत है, जहां फ्रांसीसी भाषा बोलने वाले लोगों की संख्या सबसे अधिक है। यहां की सरकारें लंबे समय से अपनी भाषा और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए अलग-अलग नीतियां अपनाती रही हैं। बिल 21 भी धर्मनिरपेक्षता को लेकर क्यूबेक की इसी अलग सोच को दर्शाता है। यहां धर्म को सरकारी संस्थानों से अलग रखने की फ्रांसीसी परंपरा का प्रभाव दिखाई देता है। हालांकि, क्यूबेक में धार्मिक प्रतीकों पर लगाई गई पाबंदियां फ्रांस की तुलना में कम व्यापक हैं। क्यूबेक सिटी स्थित लावल यूनिवर्सिटी में संवैधानिक कानून के प्रोफेसर पैट्रिक टेलन के अनुसार, धार्मिक अभिव्यक्ति को लेकर क्यूबेक के लोगों की सोच कनाडा के अन्य हिस्सों में रहने वाले लोगों से काफी अलग है।




















