आसमान छू रहे सोने-चांदी के दाम, पहली बार 86,000 पार हुआ सोना, 90 हजार तक पहुंच सकता है भाव, आज 341 रुपए बढ़ा

आज, 14 फरवरी (शुक्रवार) को सोने की कीमत अपने नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 341 रुपए महंगा होकर 86,089 रुपए पर पहुंच चुका है। जबकि 13 फरवरी को इसकी कीमत 85,748 रुपए थी। इससे पहले, 11 फरवरी को सोने ने 85,903 रुपए का ऑल टाइम हाई बनाया था। वहीं, चांदी की कीमत में भी तेजी आई है। एक किलो चांदी 1,945 रुपए बढ़कर 97,494 रुपए प्रति किलो हो गई, जो कल 95,549 रुपए थी। चांदी ने 23 अक्टूबर 2024 को अपना अब तक का सबसे ऊंचा स्तर 99,151 रुपए प्रति किलो पर बनाया था।
1 जनवरी से अब तक काफी महंगा हुआ सोना
इस साल 1 जनवरी से अब तक सोने और चांदी की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है। 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए से 9,927 बढ़कर 86,089 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी के दाम में भी तेजी आई है और यह 86,017 रुपए प्रति किलो से 11,477 बढ़कर 97,494 रुपए हो गई है। सोने और चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी के कई कारण बताए जा रहे हैं। इनमे कुछ निम्नलिखित कारण शामिल हो सकते हैं।- ट्रम्प के अमेरिका के राष्ट्रपति बनने से जियो पॉलिटिकल टेंशन बढ़ गई हैं।
- डॉलर के मुकाबले रुपए के कमजोर होने से सोना महंगा हो रहा है।
- महंगाई बढ़ने से भी सोने की कीमत को सपोर्ट मिल रहा है ।
- शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने से लोग गोल्ड में निवेश बढ़ा रहे हैं।
2025 में 90 हजार रुपए तक जा सकता है सोना
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के अनुसार, सोने की बड़ी रैली के बाद जो गिरावट आई थी, वह अब खत्म हो चुकी है। अमेरिका के बाद UK ने भी ब्याज दरों में कटौती की है, और जियो-पॉलिटिकल तनाव बढ़ने से सोने को मजबूती मिल रही है। इसके अलावा, गोल्ड ETF में निवेश बढ़ने से भी सोने की मांग बढ़ रही है। ऐसे में इस साल सोने की कीमत 90 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है।4 महानगरों और भोपाल में सोने की कीमत
- दिल्ली : 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 80,050 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 87,310 रुपए है।
- मुंबई : 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 79,900 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 87,160 रुपए है।
- कोलकाता : 10 ग्राम 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 79,900 रुपए और 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 87,160 रुपए है।
- चेन्नई : 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 79,900 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 87,160 रुपए है।
- भोपाल : 10 ग्राम 22 कैरेट सोने की कीमत 79,950 रुपए और 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 87,210 रुपए है।





















