Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बुरहानपुर में युवक की हत्या का खुलासा, दो नाबालिग समेत 6 गिरफ्तार; डैम में शव फेंकने का दावा

बुरहानपुर के नागझिरी में 22 वर्षीय मालसिंह की हत्या का खकनार पुलिस ने खुलासा किया है। दो नाबालिग समेत छह आरोपी गिरफ्तार हैं और नांदुरा तालाब में शव फेंकने के दावे के बाद सर्च ऑपरेशन जारी है।
 खकनार पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।

बुरहानपुर। ग्राम नागझिरी निवासी 22 वर्षीय युवक मालसिंह पिता सुरसिंह चौहान भीलाला की हत्या के मामले का खकनार पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक प्रेम प्रसंग को लेकर मालसिंह की हत्या की गई। मामले में दो नाबालिग समेत छह लोगों को पकड़ा गया है। हालांकि बुधवार शाम तक पुलिस को युवक का शव बरामद नहीं हुआ था। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हत्या के बाद शव को पाइप से बांधकर नांदुरा के बड़े तालाब में फेंक दिया गया ताकि शव पानी की सतह पर न आ सके। शव की तलाश के लिए पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।

प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या की आशंका

पुलिस की जांच में सामने आया कि मालसिंह का कथित तौर पर मुख्य आरोपी की बहन के साथ प्रेम प्रसंग था। मालसिंह शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता था। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी को आशंका थी कि मालसिंह उसकी बहन को लेकर कहीं चला जाएगा। इसी बात को लेकर मुख्य आरोपी ने अपने चार भतीजों और एक भतीजे के साले के साथ मिलकर मालसिंह की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले मालसिंह को खेत के पास बुलाया और वहां उसके साथ मारपीट की।

6 सितंबर को घर से निकला था मालसिंह

मालसिंह 6 सितंबर की शाम करीब चार बजे अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर से बिना बताए निकला था। वह रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद मालसिंह के भाई दलसिंह ने 8 सितंबर को खकनार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और युवक की तलाश के साथ संदिग्धों से पूछताछ की।

खेत के पास बुलाकर की गई हत्या

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान पूछताछ में हत्या की पूरी घटना सामने आई। मुख्य आरोपी जगन पिता रिछु वास्कले, उम्र 30 वर्ष, निवासी आमगांव ने अपने साथियों के साथ मिलकर मालसिंह को शाम करीब छह बजे खेत के पास बने छोटे तालाब के नजदीक बुलाया था। पुलिस के अनुसार मालसिंह अपनी मोटरसाइकिल से बताए गए स्थान पर पहुंचा। वहां आरोपियों ने कथित तौर पर डंडे और पत्थरों से उस पर हमला किया। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मोटरसाइकिल से ले जाकर खेत में लगी ड्रिप के पाइप से बांधा और नांदुरा के बड़े तालाब में फेंक दिया। आरोपियों ने कथित तौर पर शव को पानी में नीचे रखने के लिए पाइप से बांधा था।

दो नाबालिग भी मामले में शामिल

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी जगन वास्कले के अलावा प्रताप पिता कालू अखाड़े, उम्र 21 वर्ष, निवासी मगरडोह, लालसिंह पिता सरदार गोथरे, उम्र 22 वर्ष, निवासी मगरडोह और रडतिया पिता गोरेलाल अखाड़े, उम्र 22 वर्ष, निवासी आमगांव को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। दोनों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, रडतिया ने हत्या में सहयोग किया था, जिसके बाद उसे भी मामले में गिरफ्तार किया गया।

ये भी पढ़ें: सीहोर: बुधनी अस्पताल में एसडीएम का छापा, बीएमओ समेत कई कर्मचारी नदारद; कमरों पर ताले और ड्यूटी चार्ट गायब

शव की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी

आरोपियों द्वारा शव को नांदुरा तालाब में फेंके जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया है। शव की तलाश के लिए एनडीआरएफ, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों के जरिए भी आमगांव के जंगल, नांदुरा तालाब, आसपास की खाइयों और अन्य संभावित स्थानों की निगरानी की जा रही है। पुलिस और अन्य टीमें संभावित स्थानों पर सघन कॉम्बिंग और सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

ये भी पढ़ें: फूलो देवी नेताम का WhatsApp हैक,56-60 हजार की ठगी का जाल, सांसद के नंबर से मैसेज भेजकर मचा हड़कंप

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के मार्गदर्शन और एएसपी प्रदीप शेण्डे, एसडीओपी नेपानगर वैभव प्रिया तथा उप पुलिस अधीक्षक सुरेश महाले के नेतृत्व में की गई। खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव और उनकी टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस अब शव की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।

Banwari Metkar
By Banwari Metkar

Latest Posts