भारत-ब्राजील के बीच शुरू होगा नया अध्याय! राष्ट्रपति लूला बोले- भारत के साथ बनाएंगे रणनीतिक गठबंधन

ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला डी सिल्वा ने भारत के साथ राजनीतिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को बढ़ाने के लिए एक नया रणनीतिक गठबंधन बनाने की घोषणा की है। उन्होंने भारत की ताकत और क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि, भारत ब्राजील के भविष्य के विकास का एक असाधारण साझेदार साबित होगा। उन्होंने उपराष्ट्रपति गेराल्डो अल्कमिन की भारत यात्रा के तुरंत बाद दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर ये बात कही।
भारत-ब्राजील के बीच नया अध्याय शुरू
राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने कहा कि, ब्राजील भारत के साथ हर क्षेत्र में साझेदारी मजबूत करना चाहता है। चाहे वह राजनीति हो, अंतरिक्ष विज्ञान हो, उद्यमशीलता हो या फिर अर्थव्यवस्था। उन्होंने कहा कि, अगले साल की शुरुआत में वह भारत यात्रा पर आएंगे और यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों में एक नया अध्याय शुरू करेगी।
उन्होंने कहा कि, उपराष्ट्रपति गेराल्डो अल्कमिन की भारत यात्रा इस दिशा में एक बड़ा कदम थी, क्योंकि भारत आज दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते हुए बाजारों में से एक है।
वैश्विक तनाव के बीच भारत-ब्राजील की नजदीकी
अंतरराष्ट्रीय व्यापार में बढ़ते तनाव के बीच भारत और ब्राजील के रिश्ते मजबूत हो रहे हैं। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील के कई उत्पादों पर 50% टैक्स लगा दिया था, जबकि पहले ही उन पर 26.4% टैक्स था। अमेरिका ने भारत के उत्पादों पर भी इसी तरह का टैरिफ लगाया। ऐसे माहौल में ब्राजील का भारत के साथ रणनीतिक गठबंधन बनाना दोनों देशों के लिए आर्थिक रूप से लाभदायक हो सकता है।
एक-दूसरे का सम्मान करते हैं दोनों देश
राष्ट्रपति लूला ने कहा कि, भारत और ब्राजील एक-दूसरे का गहरा सम्मान करते हैं और दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ताना रिश्ता है। उन्होंने कहा कि, भारतीय ब्राजील को पसंद करते हैं और ब्राजीलवासी भारतीयों को। यही वजह है कि हम एक मजबूत रणनीतिक साझेदारी बनाना चाहते हैं, जो दोनों की अर्थव्यवस्थाओं को नई ऊंचाई देगी।
भारत यात्रा के लिए तैयार हैं लूला
लूला ने बताया कि उपराष्ट्रपति अल्कमिन की भारत यात्रा उनके आगामी भारत दौरे की तैयारी के लिए अहम थी। उन्होंने कहा कि, अलकमिन ने भारत से कई अच्छी खबरें दी हैं। जैसे एम्ब्रेयर कंपनी भारत में नया ऑफिस खोल रही है, इलेक्ट्रॉनिक वीजा लागू किया जा रहा है और व्यापार को आसान बनाने के लिए कई नई साझेदारियां बन रही हैं।
व्यापार और निवेश बढ़ाने की दिशा में प्रयास
भारत में अपनी बैठकों के दौरान ब्राजील के उपराष्ट्रपति अल्कमिन ने कहा कि, भारत और ब्राजील के आर्थिक संबंध प्रतिस्पर्धा पर नहीं, बल्कि आपसी सहयोग पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि, हम दो लोकतांत्रिक देश हैं जो बहुपक्षवाद की रक्षा करते हैं और व्यापार एवं निवेश को बढ़ाने की अपार संभावनाएं रखते हैं।
अलकमिन ने यह भी बताया कि, भारत की अर्थव्यवस्था लगभग 7 प्रतिशत की वार्षिक दर से बढ़ रही है, जबकि ब्राजील का कृषि उत्पादन इस साल 16 प्रतिशत बढ़ा है। इससे तकनीकी, औद्योगिक, खनन और कृषि क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर खुलेंगे।
ब्राजील के ‘सुनहरे भविष्य’ की दिशा में भारत की भूमिका
राष्ट्रपति लूला ने कहा कि, भारत ब्राजील के ‘सुनहरे भविष्य’ में एक मजबूत भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि,भारत न सिर्फ एक आर्थिक ताकत है, बल्कि तकनीकी और अंतरिक्ष क्षेत्र में भी अग्रणी है। हम दोनों मिलकर एक ऐसा गठबंधन बना सकते हैं जो न केवल हमारे देशों के लिए, बल्कि पूरे वैश्विक दक्षिण के लिए लाभकारी होगा।




















