Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 :दूसरे फेज के नामांकन का आखिरी दिन, कांग्रेस की चौथी लिस्ट जारी; 9 सीटों पर महागठबंधन में टकराव

Follow on Google News
दूसरे फेज के नामांकन का आखिरी दिन, कांग्रेस की चौथी लिस्ट जारी; 9 सीटों पर महागठबंधन में टकराव
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अब चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर है। 20 अक्टूबर यानी दिवाली के दिन दूसरे फेज के नामांकन का आखिरी दिन है। इस बीच कांग्रेस ने देर रात अपनी चौथी लिस्ट जारी कर दी, जिसमें 6 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। वहीं 9 सीटों पर महागठबंधन की पार्टियां एक-दूसरे के आमने-सामने आ गई हैं। पीएम मोदी भी 24 अक्टूबर से बिहार दौरे की शुरुआत करेंगे।

    दूसरे फेज के नामांकन का आखिरी दिन

    बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया 20 अक्टूबर को पूरी हो जाएगी। दिवाली के दिन सभी पार्टियों के बचे हुए 34 उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगे। कुटुंबा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार और आरजेडी प्रत्याशी सुरेश पासवान नामांकन भरेंगे। पहले फेज की वोटिंग में अब केवल दो हफ्ते का समय बचा है, ऐसे में सभी दल अपने प्रत्याशियों की लिस्ट और प्रचार रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

    कांग्रेस की चौथी लिस्ट में 3 मुस्लिम चेहरे शामिल

    कांग्रेस ने 19 अक्टूबर की देर रात अपनी चौथी सूची जारी की। इसमें कुल 6 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, जिनमें 3 मुस्लिम प्रत्याशी भी हैं। पार्टी ने अब तक बिहार चुनाव के लिए कुल 60 उम्मीदवारों का ऐलान किया है।

    नई लिस्ट में शामिल उम्मीदवार इस प्रकार हैं-

    • वाल्मीकि नगर – सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा
    • सिकंदरा – विनोद चौधरी
    • कहलगांव – प्रवीण सिंह कुशवाहा
    • इसके अलावा तीन अन्य सीटों पर मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है।
    Twitter Post

    9 सीटों पर महागठबंधन की पार्टियां आमने-सामने

    महागठबंधन में तालमेल की कमी साफ दिखाई दे रही है। 9 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस, आरजेडी और वामपंथी दलों के उम्मीदवार एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में हैं।

    इन सीटों पर मुकाबला इस प्रकार है-

    वैशाली: आरजेडी से अजय कुशवाहा बनाम कांग्रेस के संजीव कुमार

    तारापुर: आरजेडी के अरुण शाह बनाम वीआईपी के सकलदेव बिंद

    बछवाड़ा: सीपीआई के अवधेश राय बनाम कांग्रेस के गरीब दास

    लालगंज: आरजेडी की शिवानी शुक्ला बनाम कांग्रेस के आदित्य राजा

    कहलगांव: आरजेडी के रजनीश यादव बनाम कांग्रेस के प्रवीण कुशवाहा

    राजापाकड़: सीपीआई के मोहित पासवान बनाम कांग्रेस की प्रतिमा दास

    रोसड़ा: सीपीआई के लक्ष्मण पासवान बनाम कांग्रेस के बी.के. रवि

    बिहार शरीफ: कांग्रेस के उमैर खान बनाम सीपीआई के शिव कुमार यादव

    वारिसलीगंज: आरजेडी की अनीता देवी बनाम कांग्रेस के मंटन सिंह

    इससे साफ है कि, महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे पर मतभेद अब भी पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं।

    PM मोदी का बिहार दौरा 

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अक्टूबर को बिहार दौरे पर रहेंगे। वे सबसे पहले जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद समस्तीपुर और बेगूसराय में जनसभाएं करेंगे।

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के अनुसार, प्रधानमंत्री 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर और छपरा में भी रैलियां करेंगे। पीएम मोदी बिहार में ताबड़तोड़ 12 रैलियां करेंगे, जो NDA कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेंगी।

    AIMIM ने भी जारी की अपनी पहली लिस्ट

    AIMIM (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) ने भी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी की है। इसमें 25 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। पार्टी के बिहार अध्यक्ष अख्तरुल ईमान को अमौर सीट से टिकट दिया गया है। AIMIM ने 2020 के विधानसभा चुनाव में 5 सीटों पर जीत हासिल की थी और इस बार पार्टी ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है।

    पहले और दूसरे फेज का चुनाव कार्यक्रम

    पहला फेज:

    जिले - 18

    विधानसभा सीटें - 121

    प्रमुख जिले - गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, भोजपुर, दरभंगा, सहरसा, मुंगेर, बेगूसराय आदि।

    दूसरा फेज:

    जिले - 20

    विधानसभा सीटें - 122

    प्रमुख जिले - पश्चिम चंपारण, मधुबनी, पूर्णिया, भागलपुर, गया, नवादा, औरंगाबाद, कैमूर आदि।

    भाजपा नेता का विवादित बयान

    इसी बीच भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, जेडीयू नेता अनंत सिंह और आरजेडी के सूरजभान सिंह को हत्या का आरोपी बताया। उन्होंने कहा, ऐसे लोगों को वोट देने से बेहतर है कि चुल्लू भर पानी में डूब मरा जाएं।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts