Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

स्मृति ईरानी-अनुराग ठाकुर की वापसी, राघव चड्ढा को लेकर भी बड़ा अपडेट... नितिन नबीन ने खोले पत्ते

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान करने वाले हैं। संगठन में स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर की वापसी के संकेत हैं। राघव चड्ढा समेत दूसरे नेताओं को भी अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। नई टीम में युवा और महिला नेताओं को ज्यादा प्रतिनिधित्व देने के साथ क्षेत्रीय संतुलन पर भी जोर रहेगा।
स्मृति ईरानी-अनुराग ठाकुर की वापसी, राघव चड्ढा को लेकर भी बड़ा अपडेट... नितिन नबीन ने खोले पत्ते
स्मृति ईरानी को बीजेपी की नई टीम में शामिल किया जा सकता है

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में बड़े फेरबदल की तैयारी है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन जल्द अपनी नई टीम का ऐलान कर सकते हैं। उनके अध्यक्ष बनने के बाद यह बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन में पहला बड़ा बदलाव होगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नई टीम में अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की जा रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर की संगठन में वापसी इस बदलाव का सबसे अहम हिस्सा मानी जा रही है। वहीं, बीजेपी में शामिल हुए राघव चड्ढा को भी राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है।

स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर की हो सकती है वापसी

नितिन नबीन की नई टीम में स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर को जगह मिलने की संभावना है। दोनों नेताओं के पास सरकार और संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से लोकसभा सांसद हैं। वह केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्री और युवा मामले एवं खेल मंत्री रह चुके हैं। इससे पहले उन्होंने वित्त और कॉरपोरेट मामलों के राज्य मंत्री के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाली थी। वहीं स्मृति ईरानी बीजेपी की प्रमुख महिला नेताओं में शामिल रही हैं। वह केंद्र सरकार में मंत्री रह चुकी हैं और 2019 से 2024 तक अमेठी से लोकसभा सांसद रहीं। संगठन में भी उनका लंबा अनुभव है। वह बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय सचिव जैसी जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं।

राघव चड्ढा को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

नई टीम को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा उन नेताओं को लेकर भी है, जो हाल के महीनों में बीजेपी के साथ आए हैं। इनमें राघव चड्ढा का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। चड्ढा अप्रैल 2026 में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। वह पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। उनके साथ आप के कई अन्य राज्यसभा सांसद भी बीजेपी में आए थे। ऐसे में उन्हें राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी देना बीजेपी के लिए नए राजनीतिक चेहरों को जगह देने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है। हालांकि, चड्ढा को कौन-सा पद दिया जाएगा, इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

Breaking News

नई टीम में युवा और महिलाओं पर फोकस

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में युवा नेताओं और महिलाओं को ज्यादा प्रतिनिधित्व देने की तैयारी बताई जा रही है। पार्टी संगठन में क्षेत्रीय संतुलन पर भी ध्यान दिया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, नई टीम की औसत उम्र करीब 50 साल रखने की कोशिश है। नितिन नबीन खुद 45 साल की उम्र में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। जनवरी 2026 में उन्होंने जेपी नड्डा की जगह पार्टी अध्यक्ष का पद संभाला। बाद में वह बिहार से राज्यसभा के लिए भी निर्वाचित हुए। उनकी नियुक्ति को बीजेपी में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया था। अब नई राष्ट्रीय टीम में भी इसी सोच की झलक दिखाई देने की संभावना है।

इन नेताओं के नाम भी चर्चा में

स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर के अलावा हरीश द्विवेदी को भी राष्ट्रीय संगठन में शामिल किए जाने की चर्चा है। वहीं दुष्यंत गौतम और राधामोहन दास अग्रवाल की जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है। हालांकि, इन संभावित नियुक्तियों और बदलावों पर बीजेपी की ओर से अंतिम सूची जारी होने तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शहजाद पूनावाला ने फिर दिया BJP से इस्तीफा! पिछली बार ठुकराया गया था, अब बोले- 'इस बार स्वीकार करें'

2027 के चुनावों पर भी नजर

बीजेपी का यह संगठनात्मक बदलाव ऐसे समय में हो रहा है जब पार्टी अगले बड़े चुनावी दौर की तैयारी में जुटी है। खासतौर पर 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में नई टीम को आने वाले चुनावों की जरूरतों के हिसाब से तैयार करने की कोशिश की जा रही है। इसी रणनीति के तहत नितिन नबीन ने जमीनी फीडबैक लेना भी शुरू किया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने उत्तर प्रदेश के करीब 20 बीजेपी सांसदों के साथ आमने-सामने बैठकें की हैं। इन बैठकों में जातीय समीकरण और पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts