CG NEWS: नदी पार कर नुगुर पहुंचे कलेक्टर-एसपी, सुदूर वनांचल में चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

RAIPUR NEWS। बीजापुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र नुगुर गांव में कलेक्टर विश्वदीप, एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव और जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने नदी पैदल पार कर गांव पहुंचकर चौपाल लगाई, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सड़क, धान खरीदी, आवास, शिक्षा तथा आजीविका योजनाओं की जमीनी समीक्षा की।
बीजापुर के नुगुर गांव पहुंचे कलेक्टर और एसपी
बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड अंतर्गत नुगुर गांव में प्रशासनिक अधिकारियों का विशेष दौरा चर्चा का विषय बना। कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव और जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और मांगों को सुना।
नदी पार कर गांव पहुंचे अधिकारी
दूरस्थ क्षेत्र तक पहुंचने के लिए अधिकारियों को नदी पैदल पार करनी पड़ी। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को अपने बीच देखकर ग्रामीणों में उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
चौपाल में उठीं सड़क, आवास और शिक्षा की मांगें
गांव में आयोजित चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री आवास, शिक्षा व्यवस्था, धान खरीदी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। कलेक्टर ने सभी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: छत्तीसगढ़ में अब एक कॉल पर होगा हर समस्या का समाधान, मुख्यमंत्री साय ने लॉन्च की सीएम हेल्पलाइन 1076
पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण में तेजी के निर्देश
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर सड़क संपर्क क्षेत्र के विकास की आधारशिला है।
धान खरीदी केंद्र और किसानों की सुविधाओं पर चर्चा
ये भी पढ़ें: CG NEWS: साय कैबिनेट के बड़े फैसले: धान छोड़ दूसरी फसल पर 15 हजार प्रति एकड़, बिजली कंपनी का IPO भी आएगा
ग्रामीणों की मांग पर केतूलनार में धान खरीदी केंद्र के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। साथ ही नदी के इस पार से धान उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। किसानों को समर्थन मूल्य पर ही धान बेचने और बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह दी गई।
किसानों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
अधिकारियों ने किसानों को बताया कि शासन द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की जा रही है तथा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा। किसानों को समय पर उर्वरक उठाव और एग्रीस्टैक पंजीयन कराने के लिए भी प्रेरित किया गया।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: महादेव घाट ओवरब्रिज परियोजना सालों से अटकी: ठेकेदार ने नहीं किया अनुबंध, अब री-टेंडर से होगी नई शुरुआत
कृषि नवाचार और सोलर ड्यूल पंप का अवलोकन
दौरे के दौरान अधिकारियों ने सोलर ड्यूल पंप प्रणाली का निरीक्षण किया और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रशासन ने कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर जोर दिया।
स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण
अधिकारियों ने स्कूल भवन और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिक्षा और पोषण सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर भड़की कांग्रेस, EC दफ्तर के बाहर धरने पर बैठे भूपेश बघेल
आवास, शौचालय और आजीविका योजनाओं पर जोर
ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे में शामिल होने, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, मनरेगा से डबरी और गाय शेड निर्माण कराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सूअर पालन, बकरी पालन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों को अपनाकर आय बढ़ाने की सलाह दी गई।
कलेक्टर का संदेश
कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। दूरस्थ क्षेत्रों के विकास के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।












