Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आमिर खान और फरहान अख्तर ने मिलाया हाथ, जल्द लॉन्च करेंगे माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म; डिजिटल दुनिया में नई पारी

आमिर खान प्रोडक्शंस और एक्सेल एंटरटेनमेंट मिलकर नया माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की तैयारी में हैं। इसमें ओरिजिनल कहानियां, डिजिटल क्रिएटर्स और टेलीकॉम पार्टनर की मदद से मोबाइल दर्शकों को प्रीमियम शॉर्ट फॉर्म एंटरटेनमेंट मिलेगा।
आमिर खान और फरहान अख्तर ने मिलाया हाथ, जल्द लॉन्च करेंगे माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म; डिजिटल दुनिया में नई पारी

फिल्मों की दुनिया के दो बड़े प्रोडक्शन हाउस अब मोबाइल एंटरटेनमेंट की नई दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। आमिर खान प्रोडक्शंस और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म लॉन्च करने के लिए हाथ मिलाया है। इस साझेदारी के जरिए दोनों कंपनियां मोबाइल पर छोटे-छोटे एपिसोड में दिखाई जाने वाली कहानियों के बाजार में उतरेंगी। इस नए वेंचर में ओरिजिनल कंटेंट के साथ डिजिटल क्रिएटर्स और बड़े टेलीकॉम पार्टनर की भी अहम भूमिका होगी।

मोबाइल पर मिलेगी प्रीमियम कहानियों की खुराक

इस वेंचर पर पिछले कुछ समय से काम चल रहा है। इसका उद्देश्य मोबाइल फर्स्ट एंटरटेनमेंट के लिए एक बड़ा कंटेंट इकोसिस्टम तैयार करना है। प्लेटफॉर्म पर आमिर खान प्रोडक्शंस और एक्सेल एंटरटेनमेंट की पहले से मौजूद IP लाइब्रेरी के कंटेंट का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही माइक्रोड्रामा फॉर्मेट को ध्यान में रखकर नई और ओरिजिनल कहानियां भी तैयार की जाएंगी। यानी दर्शकों को छोटे एपिसोड में मनोरंजन के साथ दमदार स्टोरीटेलिंग देखने को मिल सकती है।

/img/15/1794471601500

डिजिटल और यूट्यूब क्रिएटर्स भी होंगे शामिल

इस प्लेटफॉर्म की खास बात यह होगी कि इसमें सिर्फ बड़े प्रोडक्शन हाउस का कंटेंट ही नहीं होगा, बल्कि लोकप्रिय डिजिटल और यूट्यूब क्रिएटर्स को भी जोड़ा जाएगा। जानकारी के मुताबिक, इसके लिए कई जाने-माने क्रिएटर्स के साथ एक्सक्लूसिव कंटेंट पार्टनरशिप की तैयारी की जा रही है। इससे क्रिएटर्स की लोकप्रियता और उनकी ऑडियंस को प्लेटफॉर्म से जोड़ने में मदद मिलेगी। वहीं, दर्शकों को अलग-अलग तरह की कहानियां और नए चेहरे देखने को मिलेंगे।

Entertainment

बड़े टेलीकॉम पार्टनर के साथ होगी डिस्ट्रीब्यूशन की तैयारी

इस वेंचर में एक बड़ी टेलीकॉम कंपनी को भी पार्टनर बनाया गया है। इसका मकसद प्लेटफॉर्म के कंटेंट को ज्यादा से ज्यादा मोबाइल यूजर्स तक पहुंचाना है। टेलीकॉम पार्टनर की मदद से डिस्ट्रीब्यूशन और बड़े कंज्यूमर बेस तक पहुंच बनाने की रणनीति तैयार की जा रही है।

/img/15/1794471632398

क्या है माइक्रोड्रामा फॉर्मेट?

माइक्रोड्रामा डिजिटल एंटरटेनमेंट का तेजी से उभरता हुआ फॉर्मेट है। इसमें कहानियों को छोटे-छोटे एपिसोड में दिखाया जाता है। हर एपिसोड की अवधि कम होती है और कहानी तेजी से आगे बढ़ती है। आमतौर पर इन कहानियों को मोबाइल स्क्रीन पर देखने के हिसाब से तैयार किया जाता है। यह सामान्य शॉर्ट वीडियो से अलग होता है, क्योंकि इसमें प्रोफेशनल प्रोडक्शन, कलाकारों की एक्टिंग और मजबूत स्टोरीलाइन पर जोर दिया जाता है।

जल्द हो सकता है प्लेटफॉर्म का आधिकारिक ऐलान

आमिर खान प्रोडक्शंस और एक्सेल एंटरटेनमेंट की यह साझेदारी ऐसे समय में सामने आई है, जब मोबाइल पर छोटे एपिसोड वाली कहानियों का चलन बढ़ रहा है। दोनों प्रोडक्शन हाउस की स्टोरीटेलिंग और डिजिटल क्रिएटर्स की पहुंच को एक साथ लाने की कोशिश इस बाजार में नई प्रतिस्पर्धा पैदा कर सकती है। फिलहाल प्लेटफॉर्म के नाम, लॉन्च डेट और कंटेंट से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। उम्मीद है कि आने वाले कुछ हफ्तों में इससे जुड़ी बड़ी घोषणाएं की जा सकती हैं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts