PlayBreaking News

भोपाल:संदिग्ध मांस से भरा ऑटो पकड़ा, गोकशी मामले में 2 गिरफ्तार; जांच के लिए भेजे गए सैंपल

भोपाल के निशातपुरा में संदिग्ध मांस से भरा ऑटो पकड़ा गया। पुलिस ने गोकशी का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मांस के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Follow on Google News
संदिग्ध मांस से भरा ऑटो पकड़ा, गोकशी मामले में 2 गिरफ्तार; जांच के लिए भेजे गए सैंपल
हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंचे

राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के संदिग्ध मांस से भरा एक ऑटो पकड़े जाने के बाद गोकशी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध मांस, पशु अवशेष और कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए उपकरण जब्त किए हैं। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। बरामद मांस के सैंपल फोरेंसिक और पशु चिकित्सा जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद मांस किस पशु का है।

हिंदू संगठनों की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि कमल नगर स्थित एक डेयरी की आड़ में गौवंश का अवैध वध कर मांस बेचने का काम किया जा रहा है। सूचना के आधार पर कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान एक CNG ऑटो (MP-04 WD-0775) डेयरी परिसर में पहुंचा। शिकायतकर्ता लखन यादव का आरोप है कि कुछ देर बाद परिसर से पशु के चिल्लाने जैसी आवाजें सुनाई दीं। जब कार्यकर्ता अंदर पहुंचे तो वहां गौवंश का वध किए जाने का संदेह हुआ। विरोध होने पर मौके पर मौजूद लोग भागने लगे।

दो आरोपी पकड़े गए, कई फरार

हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पीछा कर अजीज और उसके बेटे आसिफ को पकड़ लिया जबकि जुबेर, फरमान और अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

ये भी पढ़ें: मुर्शिदाबाद में दर्दनाक रेल हादसा : स्कूल वैन को ट्रेन ने मारी टक्कर, 2 छात्रों समेत 3 की मौत; कई बच्चे घायल

ऑटो से मिला संदिग्ध मांस और पशु अवशेष

पुलिस ने ऑटो की तलाशी लेने पर उसकी पिछली सीट पर पीले रंग की तिरपाल में बंधा भारी मात्रा में संदिग्ध मांस बरामद किया। इसके अलावा मौके से खाल, सिर, पैर समेत अन्य पशु अवशेष भी जब्त किए गए। पुलिस ने गौवंश को बांधने में इस्तेमाल होने वाली रस्सियां और धारदार हथियार भी बरामद किए हैं।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी पुष्टि

पुलिस ने बरामद मांस के सैंपल फोरेंसिक और पशु चिकित्सा जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह पुष्टि की जाएगी कि बरामद मांस किस पशु का है। फिलहाल पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

ये भी पढ़ें: कटनी पहुंचे CM डॉ. मोहन यादव : स्लीमनाबाद टनल का किया निरीक्षण, मजदूरें से मिले, सांसद वीडी शर्मा भी रहे मौजूद

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस चालक और अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है। जांच के दौरान पुलिस एक संदेही के घर भी पहुंची, जहां दो गोवंश बंधे मिले। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि उन्हें काटने की तैयारी थी, हालांकि पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Sumit Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts