जीतू पटवारी बोले-‘नफरत नहीं, देश को भाईचारा चाहिए’, खड़गे के कार्यक्रम स्थल के ‘शुद्धीकरण’ पर कांग्रेस ने किया सत्याग्रह

भोपाल। उत्तराखंड के हल्द्वानी में भाजपा समर्थित संगठनों द्वारा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के सम्मान को ठेस पहुंचाने तथा कार्यक्रम स्थल का गंगाजल से शुद्धीकरण किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर ने सत्याग्रह पैदल मार्च निकाला। कांग्रेसजनों ने इस प्रदर्शन के जरिए सामाजिक भेदभाव, नफरत और संविधान विरोधी मानसिकता के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया तथा देश में समानता, भाईचारे और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
‘यह केवल खड़गे का नहीं, वंचित समाज का अपमान’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा ने एक बार फिर अपने व्यवहार से देश को नफरत और सामाजिक विभाजन का संदेश दिया है। जिस स्थान पर मल्लिकार्जुन खड़गे का कार्यक्रम हुआ, वहां बाद में गंगाजल से शुद्धीकरण किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह केवल खड़गे का अपमान नहीं है, बल्कि देश के दलित, आदिवासी और वंचित समाज के लिए भी बड़ा सवाल है। यदि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा सकता है, तो आम दलित और आदिवासी नागरिक के साथ क्या होता होगा, यह सोचने की जरूरत है।
ये भी पढ़ें: भोपाल रेलवे स्टेशन पर महिला के ट्रॉली बैग से पकड़ाया 6.325 KG मेथामफेटामाइन, नई दिल्ली से बेंगलुरू जा रही थी
संविधान की भावना पर उठाए सवाल
जीतू पटवारी ने कहा कि ‘देश सवाल पूछ रहा है कि आखिर यह कौन सी विचारधारा है, जो समाज में नफरत और घृणा फैलाती है। यह वही मानसिकता है जो सामाजिक बराबरी को कमजोर करती है और संविधान की मूल भावना के विपरीत खड़ी दिखाई देती है।’ उन्होंने कहा कि ‘बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संविधान हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और गरिमा देता है। कांग्रेस किसी भी कीमत पर संविधान, सामाजिक न्याय और समानता की भावना से समझौता नहीं करेगी।’

‘समानता और मोहब्बत की जरूरत’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश को नफरत नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे, समानता और मोहब्बत की जरूरत है। कांग्रेस का संघर्ष ऐसे भारत के निर्माण के लिए है, जहां किसी व्यक्ति की जाति, धर्म या सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर उसके सम्मान को ठेस न पहुंचाई जाए। जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर ने सत्याग्रह के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि सामाजिक भेदभाव, नफरत और संविधान विरोधी मानसिकता के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई निरंतर जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें: चरखे से अशोक चक्र तक… जानिए कितनी बार बदला देश का झंडा और कैसे बना आज का तिरंगा
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
सत्याग्रह पैदल मार्च में संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, प्रदेश महासचिव संजीव सक्सेना, पूर्व संगठन महामंत्री राजीव सिंह, कांग्रेस नेता दीपचंद यादव, मानक अग्रवाल, भोपाल शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।












