MP Earthquake: मध्यप्रदेश में भूकंप से कांपी धरती, खरगोन में रहा केंद्र; खंडवा तक महसूस हुए झटके

मध्यप्रदेश के निमाड़ क्षेत्र में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। खरगोन, खंडवा और आसपास के इलाकों में धरती हिलने से लोगों में हलचल मच गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के आंकड़ों के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजकर 15 मिनट 28 सेकंड पर खरगोन क्षेत्र में 4.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसकी गहराई जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे थी।
खरगोन क्षेत्र में था भूकंप का केंद्र
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र 21.59° उत्तरी अक्षांश और 75.552° पूर्वी देशांतर पर स्थित था। यह जगह धार जिले के धामनोद से करीब 69 किलोमीटर दक्षिण और इंदौर से लगभग 129 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में बताई गई है।
खंडवा और आसपास के इलाकों में भी महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके खरगोन और खंडवा समेत आसपास के क्षेत्रों में महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर होने के कारण आसपास के इलाकों में कंपन महसूस होने की संभावना रही।
पहले भी कई बार कांपी है निमाड़ की धरती
खंडवा और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों के दौरान भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए हैं। प्रमुख घटनाएं इस प्रकार हैं-
12 सितंबर 2025: सुबह करीब 8:46 बजे खंडवा में 3.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इसका केंद्र जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे था।
4 जून 2025: रात करीब 9:57 बजे खंडवा, बुरहानपुर और नेपानगर में 3.8 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे। इसका केंद्र खंडवा से करीब 66 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश सीमा के पास अमरावती के नजदीक बताया गया था।
21 जून 2024: सुबह 9:04 बजे खंडवा और पंधाना क्षेत्र में 3.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इसका केंद्र खंडवा के आसपास जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था।




















