UP में 38 IAS अधिकारियों के तबादले, लखनऊ विकास प्राधिकरण को मिला नया उपाध्यक्ष; कई जिलों के DM बदले

उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। प्रदेश सरकार ने 38 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारी (DM), मुख्य विकास अधिकारी (CDO), नगर आयुक्त और विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है।
लखनऊ, सीतापुर और महाराजगंज में बदले अधिकारी
अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। अब तक इस पद पर तैनात प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, सीतापुर के जिलाधिकारी राजागणपति आर को सूडा का निदेशक बनाया गया है। महाराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर और सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज की जिम्मेदारी दी गई है। मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

वाराणसी और गाजियाबाद में भी नई तैनाती
वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) की जिम्मेदारी दी गई है।

फतेहपुर, बिजनौर और श्रावस्ती में भी बदलाव
फतेहपुर के मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। इस विभाग में विशेष सचिव रहे जोगिंदर सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। बिजनौर के जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं, पूनम निगम को फतेहपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में अपर निदेशक बनाया गया है। शिशिर कुमार सिंह श्रावस्ती के नए मुख्य विकास अधिकारी होंगे।

अलीगढ़ और फिरोजाबाद में भी बदली जिम्मेदारी
अलीगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वहीं, फिरोजाबाद के मुख्य विकास अधिकारी शोहन वैश्य को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। अयोध्या के मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह को भी यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह राजेश कुमार अयोध्या के नए मुख्य विकास अधिकारी होंगे।
यमुना, ग्रेटर नोएडा और नोएडा प्राधिकरण में फेरबदल
प्रशासनिक बदलाव में यमुना एक्सप्रेसवे और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी शामिल हैं। यमुना प्राधिकरण से संजय मीणा, कृष्ण कुमार सिंह और शत्रोहन वैश्य के नाम नई तैनाती के लिए सामने आए हैं। वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में प्रवीण वर्मा और नूपुर गोयल को जिम्मेदारी दी गई है। नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी का भी तबादला किया गया है। बरेली की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण का नया ACEO बनाया गया है। इसके अलावा यमुना प्राधिकरण से शैलेन्द्र कुमार सिंह को अलीगढ़ का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। मेरठ की मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
मंडल और नगर निगमों में भी नई नियुक्तियां
बरेली मंडल के अपर आयुक्त मनोज कुमार को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। अतुल कुमार को बरेली मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। मंजूलता को मुरादाबाद नगर निगम का अपर नगर आयुक्त और प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, डॉ. नितिन मदान को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।




















