मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी भीषण आग, 40 यात्रियों की बची जान

उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक चलती बस में अचानक आग लग गई। हादसे के समय बस में 40 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बस दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही थी।
रात 2 बजे बस में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, हादसा मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के पास हुआ। रात करीब 2 बजे चलती बस में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
चालक की सूझबूझ से बची 40 यात्रियों की जान
बस में आग लगते ही चालक ने सतर्कता दिखाई और यात्रियों को बाहर निकलने में मदद की। देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया, लेकिन समय रहते सभी 40 यात्री सुरक्षित बाहर आ गए। इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है।
दमकल टीम ने आग पर पाया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। चालक की सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।




















