PU Special :कार्टून की लत में बदल रहा था बच्ची का व्यवहार, मां ने देखने से रोका तो घर छोड़ निकली सात साल की बच्ची

पल्लवी वाघेला, भोपाल। कार्टून देखने की जिद, मां की डांट और फिर सात साल की मासूम का घर छोड़कर ट्रेन में सवार हो जाना। भोपाल में रेस्क्यू हुई बच्ची का यह मामला बच्चों की बदलती दुनिया और उनके स्क्रीन से बढ़ते जुड़ाव को लेकर चेताता है। दुखद यह कि यह साल भर में भोपाल में रेस्क्यू बच्चों से जुड़ा यह तीसरा मामला है जिसमें दस साल से कम उम्र के बच्चे ने टीवी या कार्टून से लगाव के चलते यह कदम उठाया। इस हफ्ते रेस्क्यू हुई यह बच्ची कार्टून देखने को लेकर मां की डांट से नाराज थी। वह चुपचाप घर से निकल गई और सामने खड़ी ट्रेन में बैठ गई। उसे यह भी पता नहीं था कि उसे कहां जाना है। गनीमत रही कि ट्रेन में अकेले सफर कर रही बच्ची पर एक यात्री की नजर पड़ गई और सूचना मिलने पर भोपाल पहुंचने से पहले ही उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
कार्टून किरदारों की तरह व्यवहार की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, बच्ची को कार्टून देखने का शौक था। वह कार्टून के किरदारों की तरह बोलने और व्यवहार करने की कोशिश भी करने लगी। इस बदलाव से चिंतित परिजनों ने उसका कार्टून देखना सीमित करना शुरू कर दिया। घटना वाले दिन मां ने उसे कार्टून देखने के बजाय खाना खाने के लिए कहा और डांट लगा दी। मां घर में दो साल के जुड़वां बच्चों की देखभाल में व्यस्त हो गई। इसी दौरान बच्ची बिना बताए निकल गई। काफी देर तक उसके नहीं मिलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। उधर, ट्रेन में अकेली बच्ची को देखकर एक यात्री ने रेलवे पुलिस को सूचना दी। बच्ची को निकटतम स्टेशन भोपाल में रेस्क्यू कर समिति के माध्यम से परिवार को सौंपा गया।
ये भी पढ़ें: PU Special : भोपाल में ढाई साल की बेटी ने तुड़वाई तलाक की जिद, 'पापा' कहकर थामी उंगली तो भावुक हुआ पिता
टीवी कार्यक्रम- कार्टून के प्रभाव में घर छोड़ने का इस साल तीसरा मामला
कार्टून और टीवी कार्यक्रमों से प्रभावित होकर बच्चों के घर छोड़ने का यह इस साल का तीसरा मामला सामने आया है। इससे पहले भोपाल का आठ साल का बच्चा अपना पसंदीदा सीरियल नहीं देख पाने से नाराज होकर घर से निकल गया था। हालांकि, उसे बस स्टैंड पर किसी बस में बैठने के पहले ही रेस्क्यू कर लिया गया। वहीं, राजस्थान की एक 5 साल की बच्ची कार्टून किरदार छोटा भीम को तलाशने के लिए घर से निकलकर भटकते हुए मध्यप्रदेश पहुंच गई थी। बच्ची ने कल्पना की थी कि कार्टून में बताया गया शहर असली है और उस पावर को महसूस करने वह घर से निकली थी।
वास्तविक और कल्पना का फर्क समझाएं
इस बारे में काउंसलर दिव्या दुबे मिश्रा का कहना है कि सात साल या उसके आस-पास की इस उम्र में बच्चे की समझने की क्षमता विकसित हो रही होती है। कार्टून के किरदारों से जुड़ाव, उनकी नकल करना और उनकी दुनिया को वास्तविक मानकर कल्पना करना इस उम्र में असामान्य नहीं है। हालांकि, जब बच्चा किसी एक गतिविधि के प्रति अत्यधिक आकर्षित होने लगे और उसके बिना बेचैनी महसूस करे, तो अभिभावकों को ध्यान देने की जरूरत है। बच्चों को अचानक रोकना कई बार उलटा असर डाल सकता है। डांटने या डराने के बजाय प्यार से समझाएं कि कार्टून की दुनिया काल्पनिक होती है और वास्तविक जीवन में बिना बताए घर से निकलना खतरनाक हो सकता है।




















