Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी केस : आरोपियों की पैरवी करने वाले वकील पर 5 लाख का जुर्माना लगेगा, फैजाबाद बार एसोसिएशन का बड़ा फैसला

अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े दान गबन मामले में उत्तर प्रदेश के फैजाबाद बार एसोसिएशन ने बड़ा निर्णय लिया है। एसोसिएशन ने ऐलान किया है कि इस मामले के आरोपियों की पैरवी करने वाले किसी भी वकील पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।  
Follow on Google News
आरोपियों की पैरवी करने वाले वकील पर 5 लाख का जुर्माना लगेगा, फैजाबाद बार एसोसिएशन का बड़ा फैसला
फाइल फोटो

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के फैजाबाद बार एसोसिएशन ने अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े दान गबन मामले के आरोपियों का पक्ष नहीं लेने का फैसला किया है। सोमवार को आयोजित सामान्य सभा की बैठक में बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि कोई सदस्य आरोपियों की ओर से अदालत में पैरवी करता है, तो उस पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।

चंपत राय समेत तीन लोगों को अयोध्या छोड़ने की मांग 

बैठक के दौरान वकीलों ने विवाद से जुड़े चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से तीन दिनों के भीतर अयोध्या छोड़ने की मांग भी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो शहर की घेराबंदी की जाएगी। चंपत राय श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव थे और हाल ही में उन्होंने ट्रस्टी अनिल मिश्रा के साथ अपने पद से इस्तीफा दिया है।

2005 के फैसले की दोहराई गई परंपरा 

बार एसोसिएशन का यह कदम वर्ष 2005 के उस फैसले की याद दिलाता है, जब राम मंदिर आतंकी हमले के आरोपियों की पैरवी करने से भी एसोसिएशन ने इनकार कर दिया था। बार एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र जायसवाल ने कहा, मंदिर में चढ़ावे की चोरी ने हमारी भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। फैजाबाद के सभी वकीलों ने गिरफ्तार आरोपियों का बचाव नहीं करने पर सहमति जताई है। इस फैसले के बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें वह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि इस मामले में कोई भी वकील आरोपियों की पैरवी नहीं करेगा और यदि कोई ऐसा करता है तो उस पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इस घोषणा पर मौजूद वकीलों ने तालियां बजाईं।

ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : SC ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार, पूछा- इतनी जल्दबाजी क्यों? 8 आरोपियों के बैंक खाते खंगाल रही पुलिस

सीबीआई जांच और नया मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी 

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि इतनी बड़ी घटना चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा जैसे अन्य लोगों की जानकारी के बिना संभव नहीं हो सकती थी। उन्होंने बताया कि अभियोजन पक्ष की ओर से मुकदमे को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों की एक समिति बनाई गई है और जल्द ही इस संबंध में औपचारिक पत्र जारी किया जाएगा। बार एसोसिएशन की सामान्य सभा ने इस निर्णय को अंतिम रूप दे दिया है और आने वाले दिनों में आगे की रणनीति तय की जाएगी। एसोसिएशन धारा 156(3) के तहत अदालत का दरवाजा खटखटाकर चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ मामला दर्ज कराने की मांग करेगा। साथ ही पूरे मामले की सीबीआई जांच की भी मांग की जाएगी।

Featured News

एसआईटी जांच जारी, अब तक आठ गिरफ्तारियां 

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अयोध्या में मंदिर निधि की कथित चोरी या अनियमितताओं के आरोपों की एसआईटी की निगरानी में जांच जारी है। इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मंदिर ट्रस्ट से इस्तीफा देने के बाद पुलिस ने चंपत राय का बयान भी दर्ज किया है।

क्या हैं दान चोरी के आरोप और ट्रस्ट का जवाब? 

दान राशि में अनियमितताओं के आरोप इस महीने की शुरुआत में सामने आए, जब समाजवादी पार्टी के एक विधायक ने दावा किया कि 7 से 7.5 करोड़ रुपए का दान चोरी हो गया या उसका गबन किया गया। इसके बाद विपक्ष के अन्य नेताओं ने भी इससे बड़े दावे किए। राम मंदिर ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं द्वारा दिया गया दान पूरी तरह सुरक्षित है और उसका पूरा हिसाब-किताब मौजूद है। ट्रस्ट द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि पिछले कुछ दिनों में श्रीराम मंदिर (अयोध्या) से जुड़ी जो घटनाएं सामने आई हैं, उनसे ट्रस्ट स्तब्ध, आहत और अत्यंत दुखी है।

ये भी पढ़ें: पीलीभीत में गरजे CM योगी : बोले- कांग्रेस की सत्ता की लालसा से बना पाकिस्तान, सपा को भी घेरा; कहा- साइकिल चलेगी तो दंगा कराएगी

सुप्रीम कोर्ट का तत्काल सुनवाई से इनकार

इस बीच, सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने आरोपों की जांच की मांग वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया और कहा कि मामले को ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।


Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts