PlayBreaking News

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला :SC ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार, पूछा- इतनी जल्दबाजी क्यों? 8 आरोपियों के बैंक खाते खंगाल रही पुलिस

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। उधर पुलिस ने जेल में बंद 8 आरोपियों के बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है। CBI जांच की मांग, SIT की रिपोर्ट, छापेमारी, आरोपियों की भूमिका और अब तक की पूरी टाइमलाइन विस्तार से पढ़िए।
Follow on Google News
SC ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार, पूछा- इतनी जल्दबाजी क्यों? 8 आरोपियों के बैंक खाते खंगाल रही पुलिस

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सोमवार को दो बड़े घटनाक्रम सामने आए। एक तरफ सुप्रीम कोर्ट ने मामले में तत्काल सुनवाई करने से इनकार करते हुए साफ कहा कि फिलहाल ऐसी कोई असाधारण परिस्थिति नहीं है, जिसके चलते इस याचिका पर तुरंत सुनवाई की जाए। वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ाते हुए जेल में बंद आठों आरोपियों के बैंक खातों की पड़ताल शुरू कर दी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित तौर पर चढ़ावे की रकम का इस्तेमाल कहां और किस तरह किया गया।

यह मामला पिछले कुछ हफ्तों से लगातार चर्चा में है। आरोप है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के चढ़ावे की रकम में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई। इस मामले में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, SIT जांच कर चुकी है, कई जगह छापेमारी हो चुकी है और अब मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से क्यों किया इनकार?

इस मामले में अधिवक्ता अनूप अवस्थी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर राम जन्मभूमि ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं की CBI जांच कराने की मांग की है। याचिका में कहा गया कि, चढ़ावे की रकम के कथित दुरुपयोग की निष्पक्ष जांच जरूरी है। इसके लिए कोर्ट से कई अहम मांगें की गईं।

याचिकाकर्ता ने कहा कि-

  • मामले में FIR दर्ज कराई जाए।
  • CBI अधिकारी की अगुवाई में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया जाए।
  • जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जाए।
  • जांच पूरी करने के लिए समय-सीमा तय की जाए।

जब याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग की गई तो सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि आखिर इस मामले में इतनी जल्दबाजी किस बात की है। अदालत ने माना कि फिलहाल ऐसा कोई कारण सामने नहीं आया है जिससे इस याचिका को तत्काल सूचीबद्ध किया जाए।

इसके बाद कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया कि, मामले की सुनवाई अदालत की छुट्टियां समाप्त होने के बाद नियमित प्रक्रिया के तहत होगी।

पुलिस ने बैंक खातों की जांच शुरू की

सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही के समानांतर पुलिस जांच भी तेजी से आगे बढ़ रही है। सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे पुलिस की टीम अयोध्या की भारतीय स्टेट बैंक (SBI) समेत कई बैंक शाखाओं में पहुंची। अधिकारियों ने करीब आधे घंटे तक आरोपियों के खातों, लेन-देन और बैंक रिकॉर्ड की जांच की।
जानकारी के अनुसार, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों के खातों में कितनी रकम आई, उसका स्रोत क्या था और क्या मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी की रकम इन खातों तक पहुंची। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि क्या चोरी की रकम से जमीन, मकान या अन्य संपत्तियां खरीदी गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक जरूरत पड़ने पर राम जन्मभूमि ट्रस्ट के लॉकर की भी जांच की जा सकती है।

Ayodhya Ram Mandir

आज कोर्ट में पेश होंगे सभी आरोपी

मामले में गिरफ्तार आठों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाना है। यह पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी हो सकती है। पुलिस आरोपियों की रिमांड मांग सकती है ताकि उनसे गहन पूछताछ की जा सके। जांच एजेंसियां जानना चाहती हैं कि,

  • कथित चोरी कब से चल रही थी?
  • इसमें कितने लोग शामिल थे?
  • चोरी की रकम का इस्तेमाल कहां किया गया?
  • क्या पूरे मामले में कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय था?

रविवार को आठ टीमों ने एक साथ की थी छापेमारी

रविवार सुबह पुलिस की आठ अलग-अलग टीमों ने एक साथ सभी आठ आरोपियों के घरों पर छापेमारी की थी। करीब आठ घंटे तक चली इस कार्रवाई में पुलिस के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी और लेखपाल भी शामिल रहे। जांच के दौरान आरोपियों के जीवन स्तर, संपत्ति और आर्थिक गतिविधियों की भी पड़ताल की गई।

रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर क्या मिला?

राम मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित उनके घर पर शुरुआत में ताला लगा मिला। बाद में उनकी मां के आने पर पुलिस ने घर की तलाशी ली। जांच के दौरान निवेश, संपत्ति खरीद से जुड़े दस्तावेज, नकदी, आभूषण और अन्य कागजात मिले, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में लिया।

अनुकल्प मिश्रा के घर से मिली डायरी

कौशलपुरी स्थित अनुकल्प मिश्रा के घर से पुलिस को एक डायरी मिली है। जांच अधिकारियों का मानना है कि इसमें चढ़ावा चोरी मामले से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड या लेन-देन का विवरण हो सकता है। इसके अलावा बैंक खाते और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए।

Ram Mandir Donation Case

अन्य आरोपियों के यहां भी हुई जांच

मनीष यादव, लवकुश मिश्रा, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, करुणेश पांडेय, अविनाश शुक्ला और रमाशंकर मिश्रा के घरों पर भी पुलिस ने तलाशी ली। कुछ घरों पर ताला लगा मिला तो पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ कर आरोपियों की आर्थिक स्थिति और हाल के वर्षों में हुए बदलावों की जानकारी जुटाई।

कौन हैं आठ आरोपी और क्या है उनकी भूमिका?

जांच में गिरफ्तार सभी आरोपी राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती, दानपात्र की निगरानी या नकदी प्रबंधन से जुड़े कार्यों में लगे थे।
1. रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू
दानपात्रों की देखरेख की जिम्मेदारी थी। आरोप है कि उन्होंने करोड़ों रुपये के गबन में अहम भूमिका निभाई और अयोध्या के आसपास संपत्तियां खरीदीं।

2. अनुकल्प मिश्रा
नकदी गिनने वाली टीम का हिस्सा थे। आरोप है कि चोरी की रकम छिपाने और हेराफेरी में शामिल थे।

3. लवकुश मिश्रा
कैश काउंटिंग स्टाफ के सदस्य थे। आरोप है कि चढ़ावे की रकम से करोड़ों की संपत्ति बनाई।

4. सुभाष चंद्र श्रीवास्तव
कैश काउंटिंग टीम के प्रभारी थे। उन पर निगरानी में लापरवाही और चोरी में संलिप्तता का आरोप है।

5. करुणेश पांडेय
दानपात्र से नकदी गणना कक्ष तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालते थे।

6. मनीष यादव
चढ़ावे की गिनती करते थे। उनके घर से लाखों रुपये बरामद होने की बात सामने आई है।

7. अविनाश शुक्ला
नकदी को गणना कक्ष तक पहुंचाने का कार्य देखते थे। उन पर भी हेराफेरी का आरोप है।

8. रमाशंकर मिश्रा
दानपात्र की निगरानी और नकदी प्रबंधन से जुड़े थे। उन पर अन्य आरोपियों के साथ मिलकर चढ़ावे में गड़बड़ी करने का आरोप है।

SIT जांच में अब तक क्या-क्या हुआ?

उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को तीन सदस्यीय SIT का गठन किया था। जांच के दौरान SIT ने-

  • 100 से अधिक कर्मचारियों से पूछताछ की।
  • वर्ष 2021 से अब तक के रिकॉर्ड की जांच की।
  • बैंक अधिकारियों और कैश काउंटिंग एजेंसी से पूछताछ की।
  • ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों से कई दौर में सवाल-जवाब किए।
  • बैंक स्टेटमेंट, CCTV, वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की।
  • 23 जून को SIT ने 20 पन्नों की प्रारंभिक रिपोर्ट गृह विभाग को सौंप दी।

Featured News

मामला कब और कैसे सामने आया?

राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सार्वजनिक रूप से सामने आया, जब समाजवादी पार्टी सरकार में मंत्री रहे पवन पांडेय ने करोड़ों रुपये के चढ़ावे में गड़बड़ी का आरोप लगाया। इसके बाद मामला लगातार तूल पकड़ता गया। 

8 जून को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया के जरिए इस मुद्दे को उठाया और न्यायिक जांच की मांग की। 

9 जून को भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर CBI और ED जांच की मांग की।

10 जून को प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्रस्ट से रिपोर्ट मांगी, जबकि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया।

FIR से गिरफ्तारी तक क्या हुआ?

  • 13 जून को SIT गठित हुई।
  • 15 से 20 जून के बीच जांच टीम ने कर्मचारियों, बैंक अधिकारियों और ट्रस्ट से जुड़े लोगों से पूछताछ की।
  • 23 जून को रिपोर्ट गृह विभाग को सौंप दी गई।
  • 25 जून को ट्रस्ट सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर FIR दर्ज हुई। उसी दिन पुलिस ने रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
  • 26 जून को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इसी दिन ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। ट्रस्ट ने कहा कि इन इस्तीफों पर अंतिम फैसला 11 जुलाई को होने वाली बैठक में लिया जाएगा।

वकीलों की बैठक भी अहम

इस मामले में अयोध्या के अधिवक्ताओं ने भी कड़ा रुख अपनाया है। फैजाबाद बार एसोसिएशन ने सोमवार को सामान्य सभा की बैठक बुलाई है, जिसमें यह तय किया जाएगा कि स्थानीय वकील आरोपियों की पैरवी करेंगे या नहीं। अगर बार एसोसिएशन प्रस्ताव पारित करती है तो आरोपियों को स्थानीय स्तर पर कानूनी प्रतिनिधित्व मिलने में कठिनाई हो सकती है।

संत समाज की प्रतिक्रिया

श्रीपंचायती अखाड़ा निरंजनी के पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने कहा कि, अगर श्रीराम मंदिर में किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी हुई है तो दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts