असम में ट्रिपल मर्डर के आरोपियों का एनकाउंटर, भागने की कोशिश पड़ी भारी, दोनों के पैर में लगी गोली; दो पुलिसकर्मी भी घायल

डिब्रूगढ़। असम के डुलियाजान में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के मामले में नया मोड़ आया है। इस केस के दो मुख्य आरोपी राजू दास और अमीर दास पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। घटना 24 नवंबर की रात करीब 11 बजे बालीजन टी एस्टेट इलाके में हुई। पुलिस दोनों आरोपियों को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए अपने साथ ले गई थी। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान दोनों ने जवानों पर हमला किया और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने गोली चलाई। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
हथियार की तलाश में आरोपियों को ले गई थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, राजू और अमीर को हत्या में इस्तेमाल हथियार की जानकारी देने के लिए बालीजन चाय बागान ले जाया गया था। टीम को शक था कि वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा वहीं छिपाया गया है। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर भागने की कोशिश की। डिब्रूगढ़ पुलिस के ASP निर्मल घोष के मुताबिक, आरोपियों को रोकने के लिए पुलिस ने पांच राउंड फायरिंग की। इस दौरान राजू के दाहिने पैर और अमीर के बाएं पैर में गोली लगी। वहीं, दो पुलिसकर्मी मनोज लाहोन और नितुल सैकिया भी घायल हो गए।
अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
गोली लगने के बाद दोनों आरोपियों को इलाज के लिए असम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहीं, घायल पुलिसकर्मियों का इलाज डुलियाजान के ऑयल अस्पताल में किया जा रहा है। घटना के बाद अस्पताल में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अब इस मामले में हत्या में इस्तेमाल हथियार और दूसरे सबूत जुटाने में लगी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपियों की मदद किसने की थी।
एक ही परिवार के तीन लोगों की हुई थी हत्या
यह मामला 16 नवंबर 2026 को सामने आया था। डिब्रूगढ़ जिले के डुलियाजान के कमलाबाड़ी इलाके में एक घर से तीन लोगों के शव मिले थे। मृतकों की पहचान ऑयल इंडिया लिमिटेड के रिटायर्ड अधिकारी चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां के रूप में हुई थी। पुलिस को तीनों के शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि परिवार के सदस्यों पर हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला किया गया था। घर से नकदी और गहने भी गायब थे।
चार लाख रुपये के कर्ज में की हत्या?
पुलिस जांच के मुताबिक, राजू दास करीब सात साल से भुइयां परिवार के घर में किरायेदार और केयरटेकर के रूप में रह रहा था। उसे परिवार के घर और उनकी दिनचर्या की अच्छी जानकारी थी। वहीं, अमीर दास उसका रिश्तेदार और पेशे से प्लंबर है। जांच में पता चला कि राजू ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी में करीब चार लाख रुपये हार गया था। उस पर कर्ज बढ़ गया था। पुलिस को शक है कि इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने लूट की योजना बनाई और अमीर को भी अपने साथ मिला लिया।
दिल्ली के कैफे में देर रात पार्टी के बाद युवती से गैंगरेप का आरोप, दो महिलाओं समेत 3 गिरफ्तार
रेलवे स्टेशन से पकड़े गए थे दोनों आरोपी
तीनों की हत्या के बाद राजू और अमीर फरार हो गए थे। पुलिस ने 17 नवंबर को दोनों को शिवसागर जिले के सिमलुगुड़ी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। बताया गया कि दोनों ट्रेन से दूसरे शहर भागने की तैयारी में थे। अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल हथियार और आरोपियों की मदद करने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।




















