गुना पुलिस की ‘नई दिशा’ पहल: पारदी समुदाय को रोजगार और हुनर से आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश

गुना पुलिस के ‘नई दिशा अभियान’ के तहत पारदी समुदाय को मसाला, साबुन और सजावटी सामग्री बनाने का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की पहल की जा रही है।
गुना पुलिस की ‘नई दिशा’ पहल: पारदी समुदाय को रोजगार और हुनर से आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश
पारदी समुदाय को मिलेगी नई दिशा!

गुना। पारदी समुदाय को अपराध से दूर कर आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की ओर प्रेरित करने के लिए गुना पुलिस ने ‘नई दिशा अभियान’ के तहत विशेष पहल शुरू की है। इसी क्रम में मंगलवार को धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम मुरादपुर चक में जनसंवाद और जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने समुदाय के लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं।

मसाला-साबुन निर्माण का दिया जाएगा प्रशिक्षण

गुना पुलिस प्रशासन और एनजीओ के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में पारदी समुदाय के महिला-पुरुषों, युवाओं और बच्चों से संवाद किया गया। इस दौरान उन्हें मेहनत, हुनर और स्वरोजगार के जरिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के तहत समुदाय के लोगों को मसाला निर्माण, साबुन बनाने और फूलों से सजावटी सामग्री तैयार करने जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। इसका उद्देश्य उन्हें हुनरमंद बनाकर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना और आत्मनिर्भर बनाना है।

guna

महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

‘नई दिशा अभियान’ में बच्चों को नियमित शिक्षा से जोड़ने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम में लोगों को शिक्षा, कौशल विकास और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी जानकारियां भी दी गईं, ताकि वे अपने परिवार और भविष्य को बेहतर बना सकें।

सिर्फ कार्रवाई नहीं, रोजगार और शिक्षा भी जरूरी

गुना पुलिस का मानना है कि समाज में स्थायी बदलाव लाने के लिए केवल कानूनी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। इसके लिए शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और सामाजिक सहयोग भी जरूरी हैं। इसी सोच के साथ पुलिस पारदी समुदाय के बीच पहुंचकर विश्वास कायम करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने समुदाय के लोगों से हुनर सीखने, स्वरोजगार अपनाने और अपराध से दूर रहकर सम्मानजनक जीवन की शुरुआत करने की अपील की है। ‘नई दिशा अभियान’ के जरिए गुना पुलिस सामाजिक बदलाव और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है।

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts