गुना में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 3 हजार लीटर लहान और भट्टियां नष्ट

गुना के मुरादपुर में पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर 3 हजार लीटर लहान, शराब बनाने की भट्टियां और अन्य सामग्री नष्ट की।
गुना में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 3 हजार लीटर लहान और भट्टियां नष्ट
गुना पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई

गुना। जिले में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ गुना पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की है। मंगलवार, 24 नवंबर को धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम मुरादपुर में दबिश देकर टीम ने करीब 3 हजार लीटर लहान बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये बताई गई है। टीम ने मौके पर ही लहान को नष्ट करने के साथ शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली भट्टियां और अन्य सामग्री भी नष्ट कर दी।

पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त दबिश

पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और प्रभारी एसडीओपी राघौगढ़ विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम गठित की गई थी। इसमें धरनावदा, राघौगढ़ और विजयपुर थाना पुलिस, झागर चौकी पुलिस तथा आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। दरअसल, ग्राम मुरादपुर में अवैध रूप से शराब बनाए जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित टीमों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

ड्रमों और जमीन में बने गड्ढों में छिपा था लहान

निर्देशों के पालन में टीम ने 24 नवंबर को ग्राम मुरादपुर में दबिश दी। इस दौरान पारदी समुदाय के डेरों के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी में छोटे-बड़े ड्रमों और जमीन में खोदकर बनाए गए गड्ढों में छिपाकर रखा गया लगभग 3 हजार लीटर लहान मिला। टीम ने मौके पर ही लहान का विधिवत नष्टीकरण किया। इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल की जा रही भट्टियों और अन्य सामग्री को भी नष्ट कर दिया।

guna

इन अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, आबकारी विभाग के उपनिरीक्षक राधाकृष्ण अटारिया, झागर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कदम सहित प्रधान आरक्षक राघवेन्द्र बुंदेला, प्रधान आरक्षक अजय कुमार और आरक्षक रघुकुल मिश्रा, पवन शर्मा, राजेश परिहार, विनीत, सत्येन्द्र गुर्जर एवं सोनू जाटव शामिल रहे।

गुना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस के मुताबिक, आमजन को सुरक्षित और शांत वातावरण उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts