गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुना में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, पटियाला के रागी जत्थे ने शब्द-कीर्तन से बांधा समां

गुना। सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व गुना में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने हिस्सा लिया। वहीं, गुरुद्वारा साहिब में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पटियाला से आए रागी जत्थे ने मधुर गुरुवाणी और शब्द-कीर्तन से संगत को निहाल कर दिया। पूरे आयोजन में सेवा, भाईचारे और सामाजिक समरसता की झलक देखने को मिली।
नगर कीर्तन में उमड़ी संगत, जयकारों से गूंजे शहर के रास्ते
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब से विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें शामिल श्रद्धालु निर्धारित ड्रेस कोड में नजर आए। महिलाओं ने सफेद सूट के साथ नारंगी दुपट्टे पहने, जबकि पुरुष सफेद कपड़ों के साथ नारंगी पगड़ी, दस्तार और जैकेट में शामिल हुए। नगर कीर्तन जयस्तंभ चौराहा, सिंहटावर, हनुमान चौराहा, हाट रोड, जगत टॉकीज, निचला बाजार, सदर बाजार और लक्ष्मीगंज सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के जयकारे लगाए। नगर कीर्तन वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ। इसके बाद गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। लंगर के माध्यम से सेवा और समानता का संदेश दिया गया।
पटियाला के रागी जत्थे ने शब्द-कीर्तन से बांधा समां
मंगलवार को गुरुद्वारा साहिब में प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शाम 6:30 बजे रेहरास साहिब जी का पाठ किया गया। इसके बाद रात 7 से 9 बजे तक बच्चों ने धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने संगत का मन मोह लिया। इसके बाद देर रात तक विशेष कीर्तन दरबार सजाया गया। इसमें पटियाला से आए रागी जत्थे ने गुरुवाणी और शब्द-कीर्तन की मधुर प्रस्तुतियां दीं। उनकी भक्ति से भरी प्रस्तुतियों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपनाने का लिया संकल्प
कीर्तन दरबार में बड़ी संख्या में संगत ने पहुंचकर गुरु घर में माथा टेका और गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। देर रात तक गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।


















