झलकारी बाई जयंती पर मानसिंह कुशवाहा का आह्वान- राजनीतिक और आर्थिक हिस्सेदारी के लिए एकजुट हो समाज

गोहद। वीरांगना झलकारी बाई की जयंती पर सोमवार को भिंड जिले के गोहद में भव्य आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे ऐंचाया रोड से विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों, महिलाओं और युवाओं ने हिस्सा लिया। नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शोभायात्रा अंबेडकर पार्क पहुंची, जहां सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने झलकारी बाई के साहस, शौर्य और बलिदान को याद करते हुए समाज को एकजुट होकर राजनीतिक और आर्थिक हिस्सेदारी हासिल करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में रक्तदान शिविर भी लगाया गया।
राजनीतिक-आर्थिक हिस्सेदारी के लिए एकजुट हो समाज: मानसिंह कुशवाहा
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा ने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई ने अंग्रेजों के अत्याचारों के सामने झुकने के बजाय बहादुरी से मुकाबला किया। उनका जीवन समाज के लिए साहस और संघर्ष की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि समाज जिन राजनीतिक दलों और नेताओं को ताकत देता है, वे आगे बढ़कर बड़े पदों तक पहुंच जाते हैं, लेकिन समाज को उसका अपेक्षित लाभ नहीं मिलता। 76 साल बाद भी समाज को सम्मान, राजनीतिक भागीदारी और आर्थिक अवसरों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कुशवाहा ने भिंड जिले में रेत खदानों, क्रेशर, ट्रक, ट्रैक्टर, डंपर और नगर निकायों में ठेकेदारी जैसे कारोबार में समाज की सीमित भागीदारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जब तक समाज अपनी राजनीतिक ताकत नहीं बनाएगा, तब तक उसे आर्थिक और सामाजिक अधिकार हासिल करने में मुश्किल होगी। उन्होंने आह्वान किया कि अब जाति को जमात में बदलने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की जरूरत है। समाज को अपनी एकता के दम पर राजनीतिक और आर्थिक हिस्सेदारी के लिए आवाज उठानी होगी।
झलकारी बाई जयंती पर सरकारी छुट्टी की मांग जारी रहेगी
कुशवाहा ने भिंड में 22 नवंबर को आयोजित झलकारी बाई जयंती कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि हजारों लोगों की मौजूदगी में उनकी जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित करने की मांग उठाई गई थी। उन्होंने कहा कि महापुरुषों और वीरांगनाओं का सम्मान केवल भाषणों से नहीं, बल्कि संगठित प्रयासों से होगा। उन्होंने बीडी माहौर, रामसहाय माहौर और जगदीश माहौर सहित सामाजिक कार्यों में सक्रिय लोगों को सहयोग देने की अपील की।
अन्याय के खिलाफ लड़ना ही झलकारी बाई को सच्ची श्रद्धांजलि: रणजीत सिंह गुर्जर
मेहगांव के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रणजीत सिंह गुर्जर ने कहा कि झलकारी बाई ने महारानी लक्ष्मीबाई की रक्षा के लिए अपने प्राणों की परवाह नहीं की। उनके साहस से समाज को अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की पहचान ईमानदारी और वफादारी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि अपने साथ होने वाले अन्याय को चुपचाप सहन किया जाए। उन्होंने जयंती पर शासकीय अवकाश की मांग का समर्थन करते हुए इसके लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ाए समाज: प्रेम नारायण माहौर
गोहद के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम नारायण माहौर ने कहा कि झलकारी बाई साधारण परिवार में जन्म लेकर अपनी वीरता के दम पर इतिहास में अमर हुईं। वह किसी एक समाज या राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे देश की गौरव हैं। उन्होंने कहा कि समाज में आगे बढ़ने वाले युवाओं और प्रतिभाशाली लोगों का उत्साह बढ़ाना चाहिए। किसी की सफलता से ईर्ष्या करने के बजाय उसके पीछे मजबूती से खड़ा होना चाहिए।
शोभायात्रा के बाद रक्तदान शिविर आयोजित
कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष कैलाश माहौर ने 1857 की क्रांति में झलकारी बाई के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। शोभायात्रा अटल चौक, गोलंबर तिराहा, गंज बाजार, सदर बाजार और इटली गेट सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए अंबेडकर पार्क पहुंची। यहां सभा के बाद रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साह से हिस्सा लिया।


















