सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में अब महिलाएं भी संभालेंगी जंगल सफारी की कमान, 10 महिलाओं को दिया जा रहा गाइड का प्रशिक्षण

सोहागपुर। मध्यप्रदेश के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में अब महिलाएं भी पर्यटकों को जंगल सफारी कराते हुए नजर आएंगी। महिला सशक्तिकरण और वन्यजीव पर्यटन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए चूरना में सात दिवसीय महिला वन्यजीव गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें विस्थापित गांवों की 10 चयनित महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये महिलाएं वन्यजीव गाइड के रूप में पर्यटकों को सतपुड़ा के जंगल, वन्यजीवों और जैव विविधता की जानकारी देंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन ने वन परिक्षेत्र चूरना के भीमकुंड पर्यटन द्वार स्थित तवा सभागार में किया। प्रशिक्षण 24 से 30 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है।
लिखित परीक्षा से चुनी गईं 10 महिलाएं
मढ़ई और पचमढ़ी पर्यटन क्षेत्रों की तर्ज पर मल्लूपुरा और कपिलधारा पर्यटन जोन में महिला गाइड तैयार की जा रही हैं। इसके लिए विस्थापित गांवों की महिलाओं का चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया गया है। चयनित महिलाओं को वन्यजीव पर्यटन, जंगल सफारी के संचालन और वन संरक्षण से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें प्रशिक्षित और पेशेवर गाइड बनाना है।
बाघ से लेकर पक्षियों और तितलियों की पहचान सीखेंगी
सात दिवसीय प्रशिक्षण में महिलाओं को सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की प्राकृतिक संपदा और वन्यजीवों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। इसमें प्रमुख रूप से ये विषय शामिल हैं:
-
बाघ सहित सतपुड़ा के प्रमुख वन्यजीवों की पहचान।
-
पक्षियों, तितलियों और स्थानीय वनस्पतियों की जानकारी।
-
घास और लेग्यूम्स की पहचान।
-
वन्यजीवों के व्यवहार को समझना।
-
जंगल सफारी का संचालन और पर्यटकों से संवाद।
-
वन्यजीवों को देखने के दौरान जरूरी सावधानियां।
-
मानव और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व।
इसके अलावा महिलाओं को चूरना और मल्लूपुरा पर्यटन जोन में फील्ड विजिट कराई जाएगी, ताकि उन्हें जंगल में काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिल सके।
प्राथमिक उपचार और मोबाइल एप से मॉनिटरिंग की ट्रेनिंग
प्रशिक्षण में केवल जंगल और जानवरों की जानकारी ही नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की भी सीख दी जाएगी। महिलाओं को प्राथमिक उपचार, व्यक्तिगत सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन का प्रशिक्षण मिलेगा। इसके साथ ही MSTrIPES मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए वन्यजीवों की निगरानी और डिजिटल रिपोर्टिंग करना भी सिखाया जाएगा।
नई मोटर बोट से तवा जलाशय की निगरानी होगी मजबूत
महिला गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान वन अधिकारियों ने मल्लूपुरा क्षेत्र में नई मोटर बोट का संचालन भी शुरू कराया। इसका उद्देश्य तवा जलाशय में सुरक्षा व्यवस्था और वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों को मजबूत करना है। नई मोटर बोट की मदद से जलाशय क्षेत्र में निगरानी करना आसान होगा। इससे वन विभाग को संरक्षण संबंधी गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।


















