नर्मदा में डूब रही नाबालिग को थाना प्रभारी ने बचाया, वर्दी के साथ दिखी इंसानियत

सोहागपुर/पिपरिया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर नर्मदा नदी के सांडिया घाट पर स्नान करने पहुंची एक नाबालिग बालिका अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। मौके पर मौजूद पिपरिया थाना प्रभारी निरीक्षक आदित्य सेन ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी इस बहादुरी और तत्परता की पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
डूबती बालिका को बचाने नदी में कूदे थाना प्रभारी
जानकारी के अनुसार, पिपरिया क्षेत्र की नाबालिग बालिका कार्तिक पूर्णिमा पर अपने परिजनों के साथ सांडिया स्थित नर्मदा घाट पर स्नान करने पहुंची थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए थाना प्रभारी आदित्य सेन ने तत्काल नदी में छलांग लगा दी और बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एसपी ने फेसबुक पोस्ट के जरिए दी जानकारी
नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने इस घटना की जानकारी अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से साझा की। उन्होंने निरीक्षक आदित्य सेन की त्वरित कार्रवाई को साहस और मानवता का प्रेरक उदाहरण बताया।
पुलिसकर्मी के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना
निरीक्षक आदित्य सेन ने संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना बालिका की मदद की। उनकी इस कार्रवाई से एक परिवार बड़ी अनहोनी से बच गया। नर्मदापुरम पुलिस ने भी इस घटना के जरिए जन सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
पुलिस का संदेश है- 'नर्मदापुरम पुलिस - आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।'


















