LOK SABHA ELECTION 2024 : MP में गरजे शाह और राजनाथ, एक ने कहा भ्रष्टाचारियों को चुन-चुनकर भेजेंगे जेल, दूसरे ने बोला, BJP 24 कैरेट सोना और कांग्रेस जंग लगा लोहा

पॉलिटिकल डेस्क। एमपी में चुनावी समर में बीजेपी के बड़े नेताओं के दौरे लगातार जारी है। गुरूवार को बीजेपी के दो बड़े नेता एमपी में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंडला और कटनी में लोकसभा प्रत्याशियों के समर्थन में सभा की, वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रीवा और सतना में बीजेपी के लिए वोट मांगे। बीजेपी के दोनों नेताओं ने इस दौरान विरोधियों पर जमकर निशाना साथा।
करप्शन करने वालों का ठिकाना बनेगा जेल
मंडला और कटनी पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तीखे तेवरों के साथ विरोधियों पर हमला बोला। उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि INDIA गठबंधन भ्रष्टाचारियों का जमघट है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश में करप्शन को खत्म करने की दिशा में अहम काम किया है और जिसने भी चोरी और भ्रष्टाचार किया है, उसे जेल जाना पड़ेगा। अमित शाह ने महाकोशल अंचल की मंडला सीट पर भाजपा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते और खजुराहो सीट से बीजेपी उम्मीदवार वीडी शर्मा के पक्ष में कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा के विजयनाथधाम बरही में जनसभा को संबोधित करते हुए ये बातें कही। उन्होंने मंडला की जनसभा में विपक्षी दलों के घोटाले भी गिनाए।
भ्रष्टाचारियों को लौटानी होगी पाई-पाई
अमित शाह ने कहा कि भ्रष्टाचारियों को पाई-पाई लौटानी पड़ेगी। उन्होंने इंडिया गठबंधन को भ्रष्टाचारियों को जमघट बताते हुए कहा कि घमंडिया गठबंधन परिवारवाद का पर्याय है। शाह ने मंडला में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि देश की अर्थव्यवस्था दुनिया भर में 5वें नंबर पर आ गई है और अगर मोदी तीसरी बार पीएम बने तो इसे तीसरे नंबर पर पहुंचा देंगे।





















