🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

हवाला चैनल से एक करोड़ से ज्यादा की रिश्वत केस  में CSP भी घेरे में,  दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच

अंबिकापुर में एक करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत के कथित हवाला लेनदेन से जुड़े वायरल ऑडियो के बाद सरगुजा पुलिस ने जांच शुरू की है। मामले में सीएसपी समेत तीन पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए गए हैं। दिल्ली की विशेष सीबीआई अदालत ने डीजीपी से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है, जबकि दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है।
Follow on Google News
हवाला चैनल से एक करोड़ से ज्यादा की रिश्वत केस  में CSP भी घेरे में,  दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच
फाइल फोटो

रायपुर/अंबिकापुर । छत्तीसगढ़ में हवाला चैनल के जरिए एक करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत के लेनदेन से संबंधित ऑडियो वायरल होने के बाद सरगुजा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रकरण में अंबिकापुर के नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) समेत तीन पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस बीच पुलिस महानिरीक्षक (IG) दीपक झा ने साइबर थाना सरगुजा में पदस्थ ASI और आरक्षक को उनके वर्तमान कार्य से पृथक करते हुए लाइन अटैच कर दिया है।

मामला पहुंचा दिल्ली की विशेष सीबीआई अदालत 

यह मामला दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित विशेष केन्द्रीय जांच ब्यूरो (CBI) अदालत तक पहुंच गया है। अदालत ने शिकायत पर महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए पुलिस महानिदेशक (DGP) से पूरे प्रकरण की तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। साथ ही सीबीआई को भी शिकायत पर अब तक की गई कार्रवाई का ब्योरा प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।

पुलिस अधिकारियों पर आपराधिक षड्यंत्र का आरोप 

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंबिकापुर में पदस्थ पुलिस अधिकारी राहुल बंसल ने सायबर थाना सरगुजा में पदस्थ एएसआई और आरक्षक के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। आरोप के अनुसार इस कथित षड्यंत्र के तहत हवाला चैनल के जरिए एक करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत मांगी गई और स्वीकार भी की गई। कथित लेनदेन से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल होने के बाद यह प्रकरण सामने आया।

Featured News

वायरल ऑडियो में राहुल बंसल का नाम आने का दावा 

वायरल ऑडियो में आईपीएस अधिकारी राहुल बंसल का नाम आने का दावा किया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी ऑडियो की प्रामाणिकता अथवा उसमें हुई बातचीत की पुष्टि नहीं की है। शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7ए तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 308 और 351 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। शिकायत के साथ शपथपत्र भी संलग्न किया गया है।

ये भी पढ़ें: अजीत डोभाल का बड़ा बयान, बोले- भारत की सहनशीलता को कमजोरी समझना बड़ी भूल

23 आरोपियों की गिरफ्तारी वाले फ्रॉड मामले से जुड़ा प्रकरण 

पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा के मुताबिक यह प्रकरण साइबर थाने में दर्ज फ्रॉड के एक मामले से जुड़ा है। इस मामले में अलग-अलग राज्यों से अब तक 23 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और प्रकरण अभी विवेचनाधीन है। इसी मामले के विवेचक सीएसपी और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ सीबीआई कोर्ट में शिकायत की गई है। उन्होंने बताया कि सीएसपी के खिलाफ शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

जांच के तथ्यों के आधार पर होगी वैधानिक कार्रवाई 

वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी जांच जारी है और जिन लोगों के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है, उनके संबंध में तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। झा ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। न्यायालय के निर्देशों के अनुसार भी मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एएसआई और आरक्षक को उनके वर्तमान कार्य से पृथक कर लाइन अटैच किया गया है। पुलिस विभाग के अनुसार वायरल ऑडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। न्यायालय के निर्देश और जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: IAS नेहा मराव्या के खिलाफ अधिकारी-कर्मचारी सड़क पर उतरे, अभद्र व्यवहार और अनावश्यक दबाव का लगाया आरोप

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

icon

Latest Posts