Amarnath Yatra 2026 :3 जुलाई से शुरू होगी बाबा बर्फानी की पवित्र यात्रा, रजिस्ट्रेशन से लेकर रूट तक जानें पूरी जानकारी

धर्म डेस्क। भगवान शिव के पवित्र धाम अमरनाथ गुफा की यात्रा का इंतजार लाखों श्रद्धालुओं के लिए अब खत्म होने वाला है। समुद्र तल से करीब 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाले हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर पहुंचते हैं।
इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होगी और 28 अगस्त 2026 तक चलेगी। कुल 57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा पिछले वर्ष की तुलना में अधिक अवधि की होगी। यात्रा शुरू होने से पहले 29 जून को पारंपरिक प्रथम पूजा होगी, जबकि रक्षाबंधन के दिन छड़ी मुबारक के पवित्र गुफा पहुंचने के साथ यात्रा का समापन होगा।
अगर आप भी इस साल बाबा बर्फानी के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो यात्रा पर निकलने से पहले रजिस्ट्रेशन, हेल्थ सर्टिफिकेट, यात्रा परमिट, RFID कार्ड, यात्रा मार्ग और जरूरी नियमों की जानकारी होना बेहद जरूरी है।
अमरनाथ यात्रा 2026 की महत्वपूर्ण तारीखें
|
जानकारी |
तारीख |
|
यात्रा शुरू |
3 जुलाई 2026 |
|
प्रथम पूजा |
29 जून 2026 |
|
यात्रा समाप्त |
28 अगस्त 2026 |
|
कुल अवधि |
57 दिन |
|
रजिस्ट्रेशन शुरू |
15 अप्रैल 2026 |
रजिस्ट्रेशन कराना क्यों है जरूरी?
अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले हर श्रद्धालु के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। बिना वैध यात्रा परमिट और RFID कार्ड के किसी भी श्रद्धालु को यात्रा मार्ग पर प्रवेश नहीं मिलेगा। रजिस्ट्रेशन शुल्क 150 रुपए प्रति श्रद्धालु निर्धारित किया गया है।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
श्रद्धालु घर बैठे भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए-
- श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB) की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जाएं।
- नया अकाउंट बनाएं।
- आवेदन फॉर्म भरें।
- आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र अपलोड करें।
- पासपोर्ट साइज फोटो लगाएं।
- अनिवार्य हेल्थ सर्टिफिकेट (CHC) अपलोड करें।
- यात्रा की तारीख और पसंदीदा रूट चुनें।
- 150 रुपए शुल्क जमा करें।
- यात्रा परमिट डाउनलोड करें।
ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कहां होगा?
जो श्रद्धालु ऑफलाइन आवेदन करना चाहते हैं, वे अधिकृत बैंक शाखाओं से रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
अधिकृत बैंक-
- जम्मू एंड कश्मीर बैंक
- पंजाब नेशनल बैंक (PNB)
- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI)
- YES बैंक
रजिस्ट्रेशन पहले आओ, पहले पाओ (First Come First Serve) के आधार पर होगा। प्रत्येक दिन तय कोटा रहेगा और यात्रा की निर्धारित तारीख से 7 दिन पहले उस दिन की बुकिंग बंद कर दी जाएगी।
कौन कर सकता है अमरनाथ यात्रा?
- यात्रा के लिए कुछ जरूरी पात्रता तय की गई है।
- श्रद्धालु की आयु 13 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- छह सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाओं को यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी।
- सभी यात्रियों का मेडिकल फिट होना अनिवार्य है।
- हेल्थ सर्टिफिकेट 8 अप्रैल 2026 या उसके बाद जारी हुआ होना चाहिए।
- सर्टिफिकेट अधिकृत डॉक्टर या मान्यता प्राप्त मेडिकल संस्थान का होना चाहिए।
- हेल्थ सर्टिफिकेट पर श्रद्धालु की फोटो होना अनिवार्य है।
- मेडिकल जांच के बाद ही यात्रा परमिट जारी किया जाएगा।
क्या होता है यात्रा परमिट और RFID कार्ड?
रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद श्रद्धालु को यात्रा परमिट जारी किया जाता है। इसमें शामिल होती हैं-
- यात्रा की तारीख
- यात्रा मार्ग
- एंट्री गेट
- रिपोर्टिंग समय
- अन्य जरूरी निर्देश
इसके अलावा हर श्रद्धालु को RFID कार्ड भी दिया जाएगा।
यात्रा के दौरान इस कार्ड को हर समय गले में पहनना अनिवार्य होगा। इससे प्रशासन यात्रियों की लोकेशन पर नजर रख सकेगा और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सकेगी। RFID कार्ड जम्मू या श्रीनगर में बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद जारी होगा।
पहलगाम या बालटाल... कौन-सा रूट बेहतर?
अमरनाथ गुफा तक पहुंचने के लिए दो मुख्य रास्ते हैं।
1. पहलगाम रूट
यह पारंपरिक और सबसे लोकप्रिय मार्ग माना जाता है।
- कुल दूरी: लगभग 46 से 48 किलोमीटर
- यात्रा अवधि: 3 से 5 दिन
- चढ़ाई अपेक्षाकृत आसान
- पहली बार यात्रा करने वालों और परिवार के लिए बेहतर
पहलगाम से चंदनवाड़ी तक लगभग 16 किलोमीटर का सफर मिनी बस से भी किया जा सकता है।
2. बालटाल रूट
अगर समय कम है और अच्छी शारीरिक क्षमता है तो यह मार्ग बेहतर माना जाता है।
- कुल दूरी: लगभग 14 किलोमीटर
- यात्रा अवधि: 1 से 2 दिन
- रास्ता काफी खड़ी चढ़ाई वाला
- फिट और अनुभवी यात्रियों के लिए उपयुक्त
अमरनाथ यात्रा कैसे पहुंचें?
श्रद्धालु तीनों माध्यमों से यात्रा कर सकते हैं।
हवाई मार्ग
सबसे नजदीकी एयरपोर्ट श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट है।
- श्रीनगर से बालटाल: लगभग 62 किमी
- श्रीनगर से पहलगाम: लगभग 90 किमी
रेल मार्ग
निकटतम रेलवे स्टेशन-
- जम्मू तवी
- उधमपुर
- बनिहाल
इसके बाद सड़क मार्ग से आगे जाना होगा।
सड़क मार्ग
यदि यात्रा जम्मू से शुरू करते हैं-
- जम्मू से पहलगाम: लगभग 315 किमी
- जम्मू से बालटाल: लगभग 400 किमी
बस और टैक्सी का अनुमानित किराया
श्रीनगर - बालटाल
- बस: 175 रुपए
- टैक्सी: 386 रुपए
- बालटाल - जम्मू
- बस: 643 रुपए
- टैक्सी: 1,421 रुपए
- श्रीनगर - पहलगाम
- बस: 173 रुपए
- टैक्सी: 384 रुपए
- पहलगाम - जम्मू
- बस: 434 रुपए
- टैक्सी: 959 रुपए
- श्रीनगर - जम्मू
- बस: 468 रुपए
- टैक्सी: 1,035 रुपए
- नुनवान - चंदनवाड़ी
- मिनी बस: 156 रुपए
- पेट्रोल टैक्सी/मैक्सी कैब: 320 रुपए
- डीजल टैक्सी/मैक्सी कैब: 164 रुपए
ऑटो किराया
- पेट्रोल ऑटो: पहले 1 किमी 26 रुपए, इसके बाद 20 रुपए प्रति किमी
- ई-ऑटो: पहले 1 किमी 25 रुपए, इसके बाद 20 रुपए प्रति किमी
यात्रा से पहले इन बातों का रखें विशेष ध्यान
- बिना हेल्थ सर्टिफिकेट यात्रा संभव नहीं है।
- यात्रा परमिट और RFID कार्ड हमेशा साथ रखें।
- ऊंचाई वाले क्षेत्र की यात्रा के लिए पहले से शारीरिक तैयारी करें।
- मौसम के अनुसार गर्म कपड़े, रेनकोट, दवाइयां और जरूरी सामान साथ रखें।
- प्रशासन और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के सभी निर्देशों का पालन करें।
- तय रिपोर्टिंग समय पर ही यात्रा केंद्र पहुंचें।











