सरकार बनी तो खिलाड़ियों और कलाकारों को देंगे 21 लाख रुपये, अखिलेश यादव का ऐलान

अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी की सरकार के विकास कार्यों पर सवाल उठाए और खिलाड़ियों को लेकर अपनी सरकार की योजनाएं बताईं। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स को लेकर हुई बैठक में लिए गए फैसलों को आने वाले मेनिफेस्टो में शामिल किया जाएगा। साथ ही गोरखपुर के सांसद रवि किशन के एक वायरल वीडियो को लेकर भी उन्होंने भोजपुरी में पलटवार किया।
खिलाड़ियों और कलाकारों को 21 लाख सम्मान राशि देने का ऐलान
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो खिलाड़ियों और कलाकारों को 21 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स को लेकर जो बैठक हुई है और उसमें जो फैसले लिए गए हैं, उन्हें आने वाले मेनिफेस्टो में शामिल किया जाएगा। अखिलेश ने कहा कि खेलों के लिए जितना बजट होना चाहिए, उतना अभी नहीं है और उनकी सरकार बनने पर खेलों के पूरे स्ट्रक्चर में बदलाव किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेल के साथ कोई खेल नहीं होने देंगे।
ये भी पढ़ें: ‘ज्ञानेश कुमार की गर्दन काट दूंगा’... CEC को धमकी देने वाला कौन? VIDEO VIRAL
मुख्यमंत्री के बास्केटबॉल खेलने पर अखिलेश का तंज
अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने एक वीडियो देखा था, जिसमें मुख्यमंत्री बास्केटबॉल खेल रहे थे और गेंद जा ही नहीं रही थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर बुलडोजर लेकर जाते तो शायद गेंद चली जाती और उन्हें भी आराम रहता। अखिलेश ने कहा कि उनकी सरकार गांवों से खेल प्रतिभाओं को निकालने का काम करेगी। उनका कहना था कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए गांव स्तर से प्रतिभाओं को सामने लाने की जरूरत है और इसके लिए पूरा ढांचा तैयार किया जाएगा।
रवि किशन के वायरल वीडियो पर भोजपुरी में दिया जवाब
गोरखपुर सांसद रवि किशन शुक्ला का एक पार्षद के साथ बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में पार्षद ने नालियों में पानी भरने और जगह-जगह जलभराव की समस्या को लेकर सवाल किया था, जिसके जवाब में रवि किशन ने भोजपुरी में पूछा कि सपा ज्वाइन कई लेहला का? अब इसी वीडियो को लेकर अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भोजपुरी में जवाब दिया और कहा, मेंबर बनी अब त सरकार बनी। उन्होंने इसके साथ गोरखपुर की स्थिति और बीजेपी नेताओं की ओर से गांव गोद लेने के मुद्दे पर भी सवाल उठाए।
बोले-बीजेपी नेताओं ने गांव गोद लेकर अनाथ छोड़ दिया
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के जितने नेताओं ने गांव गोद लिए, उन्होंने उन्हें अनाथ छोड़ दिया। उन्होंने गोरखपुर को लेकर कहा कि वहां जो हो रहा है, वह उन्हें आपसी लड़ाई लगता है। अखिलेश ने कहा कि आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी का मुकाबला शायद वाहिनी से हो। उन्होंने गोरखपुर के विकास को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सैफई के बारे में बहुत कुछ कहा जाता है, लेकिन उससे ही प्रेरणा लेकर अपने यहां उससे अच्छा काम करना चाहिए था।
सैफई से प्रेरणा लेने की बात, सीएम पर भी निशाना
अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने लोकसभा में भी कहा था कि गांव गोद लेने के बाद उसे अनाथ नहीं छोड़ा जाता। उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री अपने गांव और शहर का काम नहीं कर सकते, उनसे प्रदेश क्या उम्मीद करेगा। अखिलेश ने सैफई का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के काम से प्रेरणा लेकर गोरखपुर में बेहतर काम किया जाना चाहिए था। उनके मुताबिक, गांव और शहर के विकास के लिए सिर्फ घोषणा नहीं, बल्कि लगातार काम करने की जरूरत है।
ये भी पढ़ें: सांसद ने संसद में उठाया मुद्दा, सरकार ने बदला नियम! साल में 13 नहीं, 12 बार करना होगा रिचार्ज
चुनाव आयोग पर लगाए वोट काटने के आरोप
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि 2017 में समाजवादी पार्टी ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया था कि चुनाव आयोग निष्पक्ष होगा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि जानबूझकर सपा का वोट काटा गया और कहा कि पार्टी 2024 में जागरूक थी, इसलिए सांसद जिता ले गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लोगों को रिवॉल्वर तानकर वोट देने से रोका गया। अखिलेश ने कहा कि उन्होंने सुना है कि नोएडा में वोट चोरी हो रही है।



















