Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भिंड में सिंधिया से मिलने जा रहे हाईवे संघर्ष समिति के दो समाजसेवी गिरफ्तार, संत समाज नाराज; बड़े आंदोलन की चेतावनी

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भिंड दौरे के दौरान उनसे मिलने जा रहे ग्वालियर-भिंड हाईवे संघर्ष समिति के दो समाजसेवियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। संत समाज ने कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
हाईवे संघर्ष समिति के दो समाजसेवी गिरफ्तार

भिंड। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भिंड दौरे के दौरान शोक संवेदना व्यक्त करने के बीच पुलिस की कार्रवाई ने नया विवाद खड़ा कर दिया। सिंधिया से मुलाकात करने जा रहे ग्वालियर-भिंड हाईवे संघर्ष समिति से जुड़े दो समाजसेवियों कुलदीप सिंह भदौरिया और देवेश शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, बाद में दोनों को छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई से संत समाज नाराज है। समिति ने जिला प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वालों को रोकने का परिणाम बड़े आंदोलन के रूप में सामने आ सकता है।

 

सिंधिया के दौरे के दौरान दो समाजसेवियों की गिरफ्तारी से गरमाया माहौल

बुधवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के निवास पर उनके पुत्र स्वर्गीय पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्वालियर-भिंड हाईवे संघर्ष समिति से जुड़े समाजसेवी कुलदीप सिंह भदौरिया और देवेश शर्मा उनसे मुलाकात करने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, कुछ समय बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर समिति ने पुलिस और प्रशासन के रवैये पर कड़ी आपत्ति जताई है। समिति का कहना है कि समाजसेवी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के लिए केंद्रीय मंत्री से मिलना चाहते थे, ऐसे में उन्हें हिरासत में लेना उचित नहीं था।

संत समाज ने भी पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

अखिल भारतीय संत समिति के जिला अध्यक्ष संत कालीदास महाराज और त्रिमूर्ति धाम के पीठाधीश्वर डॉ. शिवप्रताप जी महाराज ने दोनों समाजसेवियों को बलपूर्वक थाने में बैठाने की कार्रवाई को अनुचित बताया है। समिति के अनुसार सिंधिया के शोक संवेदना व्यक्त करने आने के कारण संत कालीदास महाराज ने पहले ही उनसे मुलाकात नहीं करने की सलाह दी थी। इसके बावजूद भाजपा जिलाध्यक्ष के निवास पर शांतिपूर्ण तरीके से मुलाकात करने का प्रयास कर रहे युवाओं को रोकना और समाजसेवियों को हिरासत में लेना उचित नहीं है। संत समाज ने इस कार्रवाई को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

प्रशासन को चेतावनी, संत समाज को आंदोलन के लिए मजबूर न करे सरकार

ग्वालियर-भिंड हाईवे संघर्ष समिति ने जिला प्रशासन के रवैये की कड़ी निंदा की है। समिति का कहना है कि जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखना कोई अपराध नहीं है। सरकार और प्रशासन को संत समाज तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं की आवाज सुननी चाहिए, न कि उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग करना चाहिए। समिति ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार संत समाज को शास्त्र का मार्ग छोड़कर आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर न करे। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वालों के साथ इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है।

कोर कमेटी की बैठक में तय होगी आंदोलन की रणनीति

समिति ने साफ किया है कि जल्द ही कोर कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें पूरे घटनाक्रम पर चर्चा कर आगामी रणनीति तय की जाएगी। बैठक में बड़े आंदोलन की घोषणा भी की जा सकती है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री के भिंड दौरे के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई अब ग्वालियर-भिंड हाईवे संघर्ष समिति और जिला प्रशासन के बीच नए टकराव की वजह बनती दिखाई दे रही है।

विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के पुत्र को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे सिंधिया

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के निवास पहुंचे थे। यहां उन्होंने विधायक के छोटे पुत्र स्वर्गीय पुष्पेंद्र सिंह कुशवाह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Asgar Khan
By Asgar Khan

Latest Posts