खाईखेड़ा से एक ही परिवार के 3 सदस्य लापता: दांगी समाज का पैदल मार्च, पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम

सीहोर। खाईखेड़ा से एक ही परिवार के तीन सदस्यों के रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। माता-पिता और भाई का कई दिनों बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से नाराज दांगी समाज के लोगों ने बुधवार को सड़क पर उतरकर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। समाजजनों ने भोपाली फाटक से एसपी कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर लापता सुरेश दांगी, ओमवती दांगी और राजेश दांगी की तत्काल तलाश करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि तीनों की तलाश में ठोस नतीजे सामने नहीं आए तो समाज बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगा।
हाथों में तस्वीरें लेकर पहुंचे समाजजन, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
दांगी समाज के अध्यक्ष बाबूलाल दांगी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजजन प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान लोगों के हाथों में लापता तीनों सदस्यों की तस्वीरें थीं। समाजजनों ने पैदल मार्च करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे और डिप्टी कलेक्टर किरण सिंह को ज्ञापन देकर मामले की गंभीरता से जांच कराने तथा तीनों को जल्द खोजने की मांग की। इस दौरान एसपी कार्यालय में सीहोर एसडीओपी प्रेम नारायण भी मौजूद रहे।
24 घंटे में परिणाम नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
सेमरा दांगी के समाजसेवी विनय सिंह दांगी ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का समय देते हुए कहा कि एक ही परिवार के तीन लोगों का एक साथ गायब होना बेहद गंभीर मामला है। परिजन लगातार परेशान हैं और अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस को पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ तलाश अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो दांगी समाज धरना-प्रदर्शन करेगा। आम आदमी पार्टी के नेता केपी सिंह बघेल ने भी घटना को चिंताजनक बताते हुए पुलिस से तेजी और गंभीरता के साथ खोजबीन करने की मांग की।
खेत पर पानी देने गए थे तीनों, बैरसिया में मिला था मोबाइल
गौरतलब है कि भोपाल निवासी सुरेश दांगी, उनकी पत्नी ओमवती और बेटे राजेश दांगी 24 अक्टूबर को खाईखेड़ा स्थित अपनी कृषि भूमि पर खेती का काम देखने पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार 3 नवंबर की शाम तक तीनों से बातचीत हुई थी, लेकिन इसके बाद संपर्क टूट गया। अगले दिन राजेश के मोबाइल पर फोन करने पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने कॉल उठाकर बताया कि उसे मोबाइल बैरसिया मंडी जाते समय सड़क पर पड़ा मिला है। पुलिस की साइबर सेल द्वारा मोबाइल ट्रेस किए जाने पर उसकी अंतिम लोकेशन विदिशा के पास मिली।
जमीन विवाद और संभावित अपहरण की आशंका, पुलिस जांच जारी
परिजनों ने कृषि भूमि के बंटवारे को लेकर पुराने विवाद का उल्लेख करते हुए कुछ लोगों पर अपहरण करने का संदेह जताया है। शिकायत में घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल कराने की मांग भी की गई है। अहमदपुर थाने के बीएस त्यागी का कहना है कि अलग-अलग टीमें गठित कर तीनों की तलाश की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।
पुलिस ने दिया तलाश का भरोसा
ज्ञापन के दौरान अधिकारियों ने समाजजनों को आश्वस्त किया कि पुलिस लगातार खोजबीन कर रही है और जल्द ही तीनों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दांगी समाज के लोग शामिल रहे।




















