गुना पुलिस को बड़ी सफलता: 1.20 लाख का इनामी अभिषेक पारदी 62 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार, अपाचे बाइक भी जब्त

गुना। गुना पुलिस ने फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। धरनावदा थाना पुलिस ने चार अपराधों में कुल 1 लाख 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी अभिषेक पारदी को अवैध कच्ची शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 62 लीटर अवैध कच्ची शराब और परिवहन में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 6 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार 10 नवंबर 2026 की रात रुठियाई चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपाचे मोटरसाइकिल पर दो सफेद प्लास्टिक की कैनों में हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम रानीपुरा की पुलिया के नीचे रास्ते पर घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक पुत्र बादल पारदी (26 वर्ष), निवासी ग्राम कनारी, थाना धरनावदा, जिला गुना बताया। तलाशी लेने पर दोनों कैनों से कुल 62 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
पुलिस ने 6,200 रुपये कीमत की शराब और करीब एक लाख रुपये कीमत की अपाचे मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धरनावदा थाने में अपराध क्रमांक 256/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
राजगढ़ के चार मामलों में था 30-30 हजार का इनाम
गिरफ्तार आरोपी अभिषेक पारदी राजगढ़ जिले के कोतवाली थाने में दर्ज चार अलग-अलग अपराधों में फरार चल रहा था। इन मामलों में पुलिस महानिरीक्षक, भोपाल (देहात) जोन द्वारा प्रत्येक अपराध में 30 हजार रुपये, इस प्रकार कुल 1 लाख 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कई जिलों में दर्ज हैं 12 आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध गुना, राजगढ़, अशोकनगर, देवास, राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों के थानों में लूट, डकैती, चोरी, मारपीट और अवैध हथियार जैसे मामलों सहित कुल 12 अपराध दर्ज होना पाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं राघौगढ़ एसडीओपी विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इस कार्रवाई में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, रुठियाई चौकी प्रभारी सउनि विपिन तिर्की, प्रधान आरक्षक प्रवीण दीवान, धीरेन्द्र सेंगर, आरक्षक धर्मेन्द्र धाकड़, राकेश गुर्जर, ऋषिकेश शर्मा, विनीत लोधी, सत्येन्द्र गुर्जर एवं शाहिद खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















