Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रसगुल्ला समझकर मुंह में रखा सुअर मारने वाला बम: चबाते ही हुआ विस्फोट, युवक की दर्दनाक मौत

डिंडौरी के पड़रिया छांटा गांव में परिचित ने राजेन्द्र बरौतिया (35) को रसगुल्ला बताकर बम दे दिया। चबाते ही धमाका हुआ, चेहरा और मुंह गंभीर रूप से जख्मी, जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत।
रसगुल्ला समझकर मुंह में रखा सुअर मारने वाला बम: चबाते ही हुआ विस्फोट, युवक की दर्दनाक मौत
मृतक राजेन्द्र बरौतिया।

डिंडौरी। जिसे रसगुल्ला समझकर युवक ने मुंह में रखा, वह मिठाई नहीं बल्कि मौत का सामान निकला। युवक के परिचित ने बातचीत के दौरान उसे कथित तौर पर सुअर मारने वाला बम रसगुल्ला बताकर खाने के लिए दे दिया। युवक ने जैसे ही उसे मुंह में रखकर चबाया, जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके में उसका चेहरा और मुंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बम देने वाला घर आया

दिल दहला देने वाली यह घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे डिंडौरी जिले के पड़रिया छांटा गांव की है। मृतक की पहचान राजेन्द्र बरौतिया (35) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम राजेन्द्र परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर के आंगन में आग जलाकर बैठा था। इसी दौरान गांव का रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और उसके पास बैठ गया। दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। इसी दौरान रामभगत ने कथित तौर पर सुअर मारने वाला बम रसगुल्ला बताकर राजेन्द्र को दे दिया। राजेन्द्र ने उसे मिठाई समझकर मुंह में रख लिया। चबाते ही विस्फोट हो गया।

अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन, इलाज के दौरान तोड़ा दम

धमाके की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। राजेन्द्र के मुंह में गंभीर चोट आई थी। परिजन तत्काल उसे ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

आरोपी के खिलाफ हत्या और विस्फोटक अधिनियम में केस

कोतवाली पुलिस ने मामले में रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी के पास सुअर मारने वाला विस्फोटक कहां से आया और वह किस उद्देश्य से उसे अपने साथ लेकर पहुंचा था। दुर्गा प्रसाद नगपुरे (थाना प्रभारी, कोतवाली, डिंडौरी) ने बताया कि राजेन्द्र बरौतिया मंगलवार शाम परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर के आंगन में बैठा था। इसी दौरान गांव का रामभगत वहां पहुंचा। बातचीत के दौरान उसने कथित तौर पर सुअर मार बम को रसगुल्ला बताकर राजेन्द्र को खाने के लिए दिया। युवक के मुंह में रखते ही विस्फोट हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts