Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रामलीला मैदान में धूमधाम से आयोजित हुआ चंडी मेला: मोर पंखों से सजी ढालों ने गजा के साथ लिए फेरे

यम द्वितीया पर दीपावली के बाद मढ़ई मेला श्रृंखला में आयोजित चंडी मेले में आदिवासी अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। ढालों का विवाह और पूजन रहा मुख्य आकर्षण, गांगो तेलन की लोकमान्यता से जुड़ी परंपरा भी निभाई गई।

सोहागपुर। दीपावली के बाद मनाई जाने वाली पारंपरिक मढ़ई मेले की श्रृंखला के तहत बुधवार को यम द्वितीया के अवसर पर नगर के रामलीला मैदान में चंडी मेला धूमधाम और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। मेले में आदिवासी अंचलों सहित नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आमजन पहुंचे। मेले का मुख्य आकर्षण ग्रामीण क्षेत्रों से लाई गई मोर पंखों से सुसज्जित ढालों का गजा के साथ विवाह और उनकी पारंपरिक पूजा-अर्चना रहा। मान्यता और वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार ग्रामीणों द्वारा लाई गई ढालों ने गजा के साथ फेरे लेकर विवाह की रस्म निभाई। इस दौरान ढालों को नचाने की परंपरा भी निभाई गई, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने ढालों की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

 

मोर पंखों से तैयार की जाती हैं ढालें

मढ़ई मेले में लाई जाने वाली ढालें विशेष तरीके से तैयार की जाती हैं। एक ऊंची और मोटी लकड़ी के चारों ओर मोर पंखों को सजाकर ढाल का स्वरूप दिया जाता है। आदिवासी अंचलों के ग्रामीण इन ढालों को मढ़ई माता को अर्पित करने की परंपरा निभाते हैं। नगर के बुजुर्गों के अनुसार इस पूजन का संबंध गांगो तेलन की लोकमान्यता से भी जुड़ा हुआ है। बंगाल की जादूगरनी गांगो तेलन की विशेष पूजा-अर्चना किए जाने की परंपरा भी इस अवसर पर निभाई जाती है। क्षेत्र में गांगो तेलन को लेकर कई लोककथाएं और किंवदंतियां प्रचलित हैं। तंत्र विद्या, तंत्र पूजन और पारंपरिक लोक आस्थाओं में विश्वास रखने वाले लोगों के लिए इस मेले का विशेष महत्व है। आदिवासी अंचलों के पढ़ियार भी इस आयोजन में विशेष रूप से शामिल होते हैं।

पहले शोभापुर में भरता था मढ़ई मेला

स्थानीय बुजुर्गों के मुताबिक मढ़ई मेले का आयोजन पहले शोभापुर में हुआ करता था। समय के साथ आयोजन स्थल और स्वरूप में बदलाव आया, लेकिन परंपरा आज भी जीवित है। दीपावली के बाद यम द्वितीया से विभिन्न स्थानों पर मढ़ई मेलों के आयोजन की शुरुआत होती है। मध्यप्रदेश के साथ छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में भी मढ़ई मेले की पुरानी परंपरा प्रचलित है। मढ़ई बाजारों की परंपरा राजा-महाराजाओं के समय से चली आ रही है। पहले ये बाजार साप्ताहिक रूप से आयोजित होते थे और दीपावली के बाद लगभग एक माह तक अलग-अलग स्थानों पर मेले लगते थे। इन आयोजनों में राजा-महाराजाओं से लेकर आम ग्रामीणों तक की भागीदारी रहती थी। मढ़ई केवल खरीदारी और मनोरंजन का माध्यम नहीं थी, बल्कि शक्ति उपासना, सामाजिक मेल-मिलाप और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण अवसर हुआ करती थी।

दुकानों और झूलों से सजा मेला परिसर

बुधवार को आयोजित मेले में स्थानीय एवं बाहरी दुकानदारों ने खेल-खिलौनों, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और अन्य सामग्री की दुकानें सजाईं। बच्चों के लिए खिलौने और झूले आकर्षण का केंद्र रहे। नगर के गणमान्य नागरिकों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने मेले में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से परिक्रमा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आधुनिकता के दौर में भी मढ़ई मेले की यह परंपरा आदिवासी संस्कृति, लोक आस्था और सामाजिक एकजुटता की पहचान बनी हुई है। चंडी मेले में ढालों के साथ निभाई गई विवाह की अनूठी रस्म ने एक बार फिर क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और वर्षों पुरानी परंपराओं को जीवंत कर दिया।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...

Latest Posts