जबलपुर मेडिकल कॉलेज के PG छात्र पर महिला क्लर्क से छेड़छाड़ और पीछा करने का आरोप, अश्लील मैसेज भेजने की शिकायत पर केस दर्ज

जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में PG कर रहे एक छात्र के खिलाफ महिला क्लर्क ने छेड़छाड़, पीछा करने और मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजने की शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि डॉक्टर करीब एक साल से उसे परेशान कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद लार्डगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस को मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपी हैं।
ऑफिस से घर तक पीछा करने का आरोप
मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक विभाग में PG कर रहे छात्र डॉ. आशीष ठाकुर के खिलाफ कॉलेज में पदस्थ रह चुकी महिला क्लर्क ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि डॉक्टर उसके ऑफिस आने-जाने के दौरान पीछा करता था। कई बार वह उसके केबिन में घंटों बैठा रहता था।शिकायत के मुताबिक आरोपी मोबाइल चैट के जरिए प्यार का इजहार करता था और आपत्तिजनक व अश्लील संदेश भी भेजता था। महिला ने कई बार इन हरकतों का विरोध किया लेकिन इसके बावजूद डॉक्टर ने कथित तौर पर परेशान करना बंद नहीं किया।
परिजनों के साथ थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
लगातार परेशान होने के बाद महिला ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद मंगलवार रात वह परिवार के साथ लार्डगंज थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने BNS के तहत दर्ज किया मामला
लार्डगंज थाना पुलिस के अनुसार, मेडिकल कॉलेज की महिला क्लर्क ने डॉक्टर आशीष ठाकुर के खिलाफ लगातार परेशान करने और पीछा करने की शिकायत दी थी। प्रारंभिक स्तर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
रीवा में है PG छात्र का मुख्यालय
मेडिकल कॉलेज के डीन प्रो. डॉ. नवनीत सक्सेना ने बताया कि महिला क्लर्क की ओर से PG कर रहे छात्र के खिलाफ दी गई शिकायत पर मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है। डॉ. आशीष ठाकुर इन-सर्विस PG छात्र हैं और उनका मुख्यालय रीवा है। आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।




















