PlayBreaking News

Air India की लंदन-मुंबई फ्लाइट में बीमार हुए 5 पैसेंजर, दो क्रू मेंबर्स की भी बिगड़ी तबीयत

Follow on Google News
Air India की लंदन-मुंबई फ्लाइट में बीमार हुए 5 पैसेंजर, दो क्रू मेंबर्स की भी बिगड़ी तबीयत

नई दिल्ली। 23 जून 2025 का दिन भारतीय विमानन सेक्टर के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की कई फ्लाइट्स में तकनीकी गड़बड़ियां सामने आईं, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं लंदन से मुंबई आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में यात्रियों और क्रू मेंबर्स की तबीयत बिगड़ गई। इस सबके बीच DGCA ने एअर इंडिया के मुख्य बेस का विशेष ऑडिट शुरू कर दिया है।

लंदन-मुंबई फ्लाइट में 7 लोग हुए बीमार

एअर इंडिया की फ्लाइट AI-130, जो 23 जून को लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से मुंबई आ रही थी, उसमें सफर के दौरान 5 यात्रियों और 2 क्रू मेंबर्स की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें चक्कर आने और उल्टी की शिकायत हुई।

मुंबई एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद एअर इंडिया की मेडिकल टीम ने तुरंत जांच की। दो यात्रियों और दो क्रू मेंबर्स को मेडिकल रूम ले जाया गया। जांच के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। एअर इंडिया ने घटना की जानकारी नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी है।

जयपुर-दुबई फ्लाइट टेक ऑफ से पहले रद्द

23 जून को ही एअर इंडिया एक्सप्रेस की जयपुर-दुबई फ्लाइट (IX-195) को टेक ऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दिया गया। विमान में 130 यात्री सवार थे और यह सुबह 5:30 बजे रवाना होने वाली थी। टेक्सी-वे तक पहुँचने के बाद कॉकपिट में तकनीकी समस्या सामने आई।

लगभग 4 घंटे तक फ्लाइट को सुधारने की कोशिश की गई, लेकिन असफलता मिलने पर विमान रद्द कर दिया गया। यात्रियों को फ्लाइट के अंदर ही बैठाए रखा गया था, जिससे नाराजगी भी देखी गई। बाद में एअर इंडिया ने रिफंड या नई बुकिंग का विकल्प दिया।

दिल्ली-जम्मू फ्लाइट को लौटाया गया

दिल्ली से जम्मू होते हुए श्रीनगर जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को GPS सिग्नल में गड़बड़ी के चलते वापस दिल्ली लौटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि कुछ संवेदनशील क्षेत्रों के ऊपर उड़ान भरते समय ऐसी तकनीकी शिकायतें मिलती रही हैं। यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से गंतव्य तक भेजा गया।

इंदौर-भुवनेश्वर फ्लाइट रनवे से लौटी

इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332, जो इंदौर से भुवनेश्वर जा रही थी, उसे रनवे के बीच से ही वापस लौटना पड़ा। विमान में 80 से अधिक यात्री सवार थे। एक माइनर तकनीकी खामी के कारण फ्लाइट को ढाई घंटे तक रनवे पर रोका गया। बाद में सुधार कर फ्लाइट रवाना हुई।

DGCA ने एअर इंडिया का विशेष ऑडिट शुरू किया

लगातार सामने आ रही तकनीकी समस्याओं के बाद DGCA ने एअर इंडिया के गुरुग्राम स्थित मुख्य बेस का ऑडिट शुरू कर दिया है। यह टीम 8 सदस्यों की है, जो ऑपरेशन, रोस्टरिंग, शेड्यूलिंग और सेफ्टी मानकों की गहन जांच कर रही है।

एअर इंडिया की तीन फ्लाइट्स रद्द

एअर इंडिया ने 15 जुलाई तक तीन फ्लाइट्स को अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया है –

  • बेंगलुरू-सिंगापुर
  • पुणे-सिंगापुर
  • मुंबई-बागडोगरा

साथ ही 19 घरेलू रूट्स पर भी फ्लाइट्स की संख्या घटा दी गई है, जिसमें दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-गोवा, मुंबई-हैदराबाद, मुंबई-कोलकाता जैसे व्यस्त मार्ग शामिल हैं।

DGCA ने दी चेतावनी

DGCA ने एअर इंडिया को सख्त चेतावनी दी है कि अगर संचालन में सुधार नहीं हुआ तो लाइसेंस सस्पेंड या रद्द किया जा सकता है। हाल ही में अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद से DGCA विमानन कंपनियों पर सख्ती कर रहा है।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts