थाईलैंड में एअर इंडिया के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, बम की धमकी से मचा हड़कंप; फुकेट से दिल्ली आ रही थी फ्लाइट, 156 लोग थे सवार

Follow on Google News
थाईलैंड में एअर इंडिया के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, बम की धमकी से मचा हड़कंप; फुकेट से दिल्ली आ रही थी फ्लाइट, 156 लोग थे सवार
बैंकॉक। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-379 की शुक्रवार सुबह इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस विमान में बम होने की धमकी मिली थी, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। फ्लाइट में कुल 156 लोग सवार थे।

सुबह 9:30 बजे मिली धमकी

यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। जब विमान थाईलैंड के फुकेट एयरपोर्ट से उड़ा था, तभी बम होने की सूचना मिलने के बाद पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग की मांग की। अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए विमान को सुरक्षित लैंड कराया।

सभी यात्री सुरक्षित, जांच जारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट AI-379 को सुरक्षित लैंड कराया गया है। सभी 156 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। हालांकि, सुरक्षा जांच पूरी होने तक सभी यात्रियों को विमान से बाहर रखा गया है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

बम की धमकी के बाद फुकेट एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां विमान की बारीकी से जांच कर रही हैं। अब तक किसी विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

किसने दी थी धमकी ?

फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि धमकी किसने दी थी। एयरलाइंस और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर इस पूरे मामले की जांच कर रही हैं। इस घटना के बाद यात्रियों और उनके परिजनों में घबराहट का माहौल है।

अहमदाबाद में एअर इंडिया प्लेन क्रैश

12 जून को अहमदाबाद में एअर इंडिया का विमान हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 265 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें 241 लोग विमान में सवार यात्री और क्रू मेंबर थे। वहीं 5 लोग उस मेडिकल हॉस्टल के हैं, जिस पर विमान गिरा था। हादसे के वक्त बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि हॉस्टल में कुल कितनी मौतें हुई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 4 एमबीबीएस स्टूडेंट और एक डॉक्टर की पत्नी की भी जान गई है। एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ था। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक सहित कुल 230 यात्री थे। टेकऑफ के महज दो मिनट बाद ही विमान हादसे का शिकार हो गया। मरने वालों में 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शिशु शामिल हैं। विमान में 12 क्रू मेंबर भी सवार थे। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई। सिर्फ एक यात्री को ही जिंदा बचाया जा सका है। ये भी पढ़ें- इजराइल के हमले से ईरानी एयरस्पेस बंद : Air India की 16 फ्लाइट्स का रूट बदला, वापस लौट आईं कई उड़ानें
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts